
दुर्ग, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे और हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से भाजपा संगठन और अहिवारा क्षेत्र में शोक की लहर है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर और पूर्व विधायक लाभचंद बाफना ने उनके निवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और संवेदनाएं व्यक्त कीं। कोर्सेवाड़ा वर्ष 2008 और 2023 में अहिवारा से विधायक चुने गए थे।

हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में चल रहा था इलाज
जानकारी के अनुसार, डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पिछले कुछ समय से फेफड़ों की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।निधन की सूचना मिलते ही स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर और पूर्व विधायक लाभचंद बाफना सहित कई जनप्रतिनिधि उनके निवास पहुंचे। सभी नेताओं ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
दो बार अहिवारा से बने विधायक
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का राजनीतिक सफर अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा रहा। उन्होंने पहली बार वर्ष 2008 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीतकर सदन में प्रवेश किया। इसके बाद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में दोबारा इसी सीट से जीत दर्ज कर छठी विधानसभा के सदस्य बने।
सबसे वरिष्ठ विधायकों में थी पहचान
वर्ष 2023 में 75 वर्ष की आयु में चुनाव जीतने के बाद वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के सबसे वरिष्ठ विधायकों में शामिल थे। उनकी राजनीतिक वरिष्ठता को देखते हुए राज्य सरकार ने अक्टूबर 2025 में उन्हें छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्होंने 25 नवंबर 2025 को इस पद का कार्यभार संभाला था।







