
रायपुर, छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रदेश के एकमात्र शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में वर्ष 2004 से रिक्त पड़े सहायक प्राध्यापक एवं व्याख्याता के पदों पर तत्काल नियमित भर्ती की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को अर्द्धशासकीय पत्र लिखकर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया है।
डॉ. महंत ने पत्र में बताया कि वर्ष 2003 में महाविद्यालय की स्थापना के समय 44 स्वीकृत पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इस दौरान 26 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के 11, अन्य पिछड़ा वर्ग के 3 और सामान्य वर्ग के 4 सहित कुल 18 पद रिक्त रह गए थे।उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 में नियुक्त किए गए 26 सहायक प्राध्यापकों एवं व्याख्याताओं में से वर्तमान में केवल 15 ही कार्यरत हैं। इस तरह महाविद्यालय में कुल 29 पद रिक्त हो चुके हैं। इन पदों पर पिछले 22 वर्षों से कोई नियमित भर्ती नहीं की गई है।
उन्होंने शिक्षकों की कमी पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके साथ ही ओपीडी में उपचार के लिए आने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को भी उच्चस्तरीय दंत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है।नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया है कि महाविद्यालय में रिक्त पदों पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) अथवा चिकित्सा शिक्षा विभाग के माध्यम से तत्काल नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए जाएं।







