
रायपुर, महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) को बड़ी सफलता मिली है। ईडी ने इस मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे PMLA कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने 19 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया है।
जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर अब सात दिनों तक ईडी की हिरासत में रहेगा। इस दौरान ED उससे महादेव सट्टा एप से जुड़े वित्तीय लेन-देन, नेटवर्क और अन्य अहम पहलुओं को लेकर पूछताछ करेगी। ईडी की पूछताछ में कई बड़े खुलासे होंगे।जांच एजेंसी सौरभ चंद्राकर से सट्टा एप के संचालन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में भी जानकारी जुटा सकती है।
ईडी की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर इस सिंडिकेट का पहला प्रमोटर है, जिसे भारत वापस लाया गया है। सौरभ और उसके एक अन्य सहयोगी रवि उप्पल ने दुबई स्थित मुख्य कार्यालय से महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन किया। इसके लिए भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में बेटिंग पैनल की फ्रेंचाइजी बनाई गई थी।
हर महीने 450 करोड़ रुपये की कमाई
ईडी की 20 अक्टूबर 2023 की मुख्य शिकायत के अनुसार, इस सिंडिकेट की अनुमानित कमाई करीब 450 करोड़ रुपये प्रति माह थी। खिलाड़ियों से प्राप्त रकम अन्य लोगों के नाम पर संचालित बैंक खातों के जरिए भेजी जाती थी और हवाला के माध्यम से भारत से बाहर पहुंचाई जाती थी।
तीन साल से जारी थी तलाश
ईडी के मुताबिक, सितंबर 2023 में समन जारी होने के बावजूद सौरभ चंद्राकर जांच में शामिल नहीं हुआ और लगातार जांच एजेंसियों से बचता रहा। इसके बाद 4 सितंबर 2023 को विशेष अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। ईडी के अनुरोध पर इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। सौरभ ने भारतीय पासपोर्ट रहते हुए वानुअतु का पासपोर्ट भी हासिल कर लिया था। उसने विशेष अदालत के सामने भारतीय नागरिकता छोड़ने का दावा तक किया था, जिसे लेकर भी जांच एजेंसियों ने सवाल उठाए।
ओमान से प्रत्यर्पण के जरिए लाया गया भारत
ईडी ने सौरभ की वापसी के लिए भारत और ओमान के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत कार्रवाई की। ओमान की मस्कट स्थित अपील अदालत ने 8 अक्टूबर 2026 को उसके प्रत्यर्पण का आदेश दिया। भारतीय दूतावास से उसकी नागरिकता की पुष्टि होने के बाद नागरिकता संबंधी उसकी दलील खारिज कर दी गई। इसके बाद मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से फर्जी यात्रा दस्तावेज के साथ बाहर जाने की कोशिश के दौरान उसे पकड़ा गया। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम उसे 1 नवंबर 2026 को मस्कट से भारत लेकर आई। ED ने इस पूरी प्रक्रिया में ओमान के अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार जताया है।
190 ठिकानों पर तलाशी, 3,500 करोड़ की संपत्तियां अटैच
ईडी के मुताबिक, इस मामले में ED अब तक करीब 190 ठिकानों पर तलाशी ले चुकी है। करीब 2,000 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त या फ्रीज की गई हैं। लगभग 3,500 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की गई हैं। इनमें करीब 1,800 करोड़ रुपये की विदेशों में स्थित संपत्तियां शामिल हैं। दुबई में 22 अचल संपत्तियां भी अटैच की गई हैं। 116 आरोपियों के खिलाफ छह अभियोजन शिकायतें दाखिल की गई हैं। सौरभ चंद्राकर इस मामले में ED द्वारा गिरफ्तार किया गया 15वां व्यक्ति है।
दुबई से हवाला और शेयर बाजार तक पहुंचा सट्टेबाजी का पैसा
ED ने पैनल संचालकों से लेकर दुबई स्थित मुख्यालय, हवाला कारोबारियों और शेयर बाजार के निवेशकों तक पैसों के लेन-देन की जांच की है। सितंबर 2023 में दुबई की कंपनियों के पास मौजूद करीब 236 करोड़ रुपये की प्रतिभूतियों (Securities) को फ्रीज किया गया था। जुलाई 2026 में ED ने विकास गर्ग को गिरफ्तार किया था। उसकी कंपनियों को सट्टेबाजी से अर्जित करीब 940 करोड़ रुपये मिले थे। इसमें से लगभग 766 करोड़ रुपये अमेरिका की कंपनी ‘एबिक्स इंक’ (Ebix Inc.) के अधिग्रहण में लगाए गए थे। ED ने इस मामले में करीब 941 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की हैं।
200 करोड़ की शाही शादी भी जांच के घेरे में
फरवरी 2023 में सौरभ चंद्राकर की शादी संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह में हुई थी। इस शादी में करीब 200 करोड़ रुपये नकद खर्च किए जाने का अनुमान है। इस आयोजन के लिए नागपुर से तीन चार्टर्ड विमान भेजे गए थे। ED ने इवेंट कंपनी, होटल और अंगड़िया फर्मों के माध्यम से हुए पैसों के लेन-देन की जांच की। शादी में शामिल मेहमानों की सूची के आधार पर ED ने सिंडिकेट के प्रबंधन से जुड़े लोगों की पहचान की।







