नईदिल्ली, पश्चिम बंगाल समेत देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की काउंटिंग जारी है। पश्चिम बंगाल में भाजपा शुरुआती रुझानों में आगे चल रही है। असम में भी बीजेपी ने रुझानों में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। केरल में कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। सबसे बड़ा उलटफेर तमिलनाडु में देखने को मिल रहा है। यहां एक्टर थलापति विजय की पार्टी TVK सबसे आगे 104 सीटों पर बढ़त बनाई हुई दिखाई पड़ रही है

दिल्ली में बीजेपी हेडक्वॉर्टर पर पूड़ी-जलेबी बनना शुरू
पश्चिम बंगाल सहित देश के पांच राज्यों में वोटों की गिनती जारी है। पश्चिम बंगाल की एक सीट फालता पर 21 मई को फिर से चुनाव होगा। शुरुआती रुझानों में बीजेपी पश्चिम बंगाल और असम में बढ़त बनाए हुए दिख रही है। दिल्ली में बीजेपी हेडक्वार्टर में पूड़ी-जलेबी बनना शुरू हो गया है।
दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में पकवानों के बनाए जाने पर मुख्य शेफ ने व्यंजनों की जानकारी देते हुए बताया कि हम सुबह 4 बजे से तैयारी कर रहे हैं। लगभग 400 से 500 लोगों के लिए भोजन बनाया जा रहा है। नाश्ते में सैंडविच, आलू पूरी, पोहा, जलेबी के साथ फ्रेश फ्रूट्स, लस्सी, रबड़ी और पारंपरिक मिष्टी दोई परोसा जाएगा।
लंच के बारे में उन्होंने कहा कि दाल तड़का, कढ़ी पकोड़ा, परवल आलू, चावल और पापड़ बनाए जा रहे हैं। मिठाई में बंगाली रसगुल्ला और जलेबी विशेष रूप से शामिल हैं। शेफ ने बताया कि पूरे दिन 400-500 लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था एक विशेष टीम के 22 सदस्यों द्वारा की जा रही है।इस बीच, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी समेत कुल 823 विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना चल रही है। सबसे पहले पोस्टल बैलटों की गिनती हो रही है, उसके बाद सुबह 8:30 बजे से ईवीएम मशीनों की गिनती शुरू हुई।
पीएम मोदी शाम 6.30 बजे पहुंचेंगे बीजेपी मुख्यालय, कार्यकर्ताओं को कर सकते हैं संबोधित
पीएम नरेंद्र मोदी आज शाम 6.30 बजे बीजेपी मुख्यालय पहुंचेंगे। वह इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आने लगे हैं। शुरुआती रुझानों में बीजेपी पश्चिम बंगाल में बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि असम में बीजेपी क्लीन स्विप कर रही है। रुझानों के मुताबिक बीजेपी असम में 95 सीटों पर आगे है, जबकि पश्चिम बंगाल में 165 सीटों पर भाजपा ने बढ़त बनाया है।







