रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने 7 अप्रेल तक हितग्राहियों को तीन माह का चांवल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। समय पर हितग्राहियों को चांवल नहीं मिलने पर संबंधितों की
जवाबदेही तय की जावेगी।
संजय श्रीवास्तव ने नवा रायपुर स्थित निगम मुख्यालय के कक्ष में प्रमुख अधिकारियों एवं प्रदेश के समस्त जिला प्रबंधकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चांवल उपार्जन, भंडारण हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। संजय श्रीवास्तव ने काहा कि शासन द्वारा प्रदेश के हितग्राहियों को तीन माह का अनाज एकमुश्त दिए जाने के निर्देश जारी किए गए है, फलस्वरूप 7 अपै्रल चांवल उत्सव के पूर्व प्रदेश के समस्त उचित मूल्य की दुकानों में चांवल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का दायित्व निगम के जिला प्रबंधकों की है। इसके साथ ही आगामी माह मई एवं जून के चांवल हर हाल में उचित मूल्य की दुकानों तक पहुंच जावे ताकि शासन की मंशा के अनुरूप प्रदेश के समस्त हितग्राहियों को 03 माह का चांवल एकमुश्त प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।
साथ ही प्रदाय किए जाने वाले चांवल मानक गुणवत्ता की हो इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जावे। चांवल भंडारण में किसी भी प्रकार की व्यवहारिक दिक्कत या परिवहन समस्या, लेबर की कमी हो तो निगम मुख्यालय के उच्चाधिकारियों को अवगत करावें, स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का तत्काल हल कराने हेतु जिलों के कलेक्टर से निरंतर संपर्क रखकर समय सीमा में भंडारण कार्य पूर्ण करावें। समय पर हितग्राहियों को चांवल नहीं मिलने पर संबंधितों की जवाबदेही तय की जावेगी। चांवल उपार्जन की गति बढाने के लिए मिलर्स से चर्चा कर शीघ्र चांवल जमा कराने का प्रयास किया जावे, ताकि चांवल की कमी की स्थिति किसी भी जिलों में न हो, इस संबंध में संबंधित जिलाध्यक्षों से बैठक कर कार्ययोजना तैयार करने हेतु निगम अध्यक्ष द्वारा सभी जिला प्रबंधकों को निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान जिला प्रबंधकों द्वारा अपने-अपने जिलों की स्थिति से अवगत कराया तथा चांवल उत्सव के पूर्व उचित
मूल्य की दुकानों में पर्याप्त स्टाक उपलब्ध कराने बाबत आश्वस्त किया। विडियो कांफ्रेस में अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, कार्यपालन
संचालक वित्त राजेश कुमार सिसोदिया, एजीएम महेंद्र साहू, डिप्टी एजीएम त्रिनाधा रेड्डी, डिप्टी एजीएम मनोज वर्मा, मैनेजर
एन.के. मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







