
रायपुर. राज्य शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने 2006 बैच के आईएफएस अधिकारी विवेक आचार्य को नई जिम्मेदारी दी है. पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक के पद से हटाए जाने के बाद अब उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड के कार्यकारी संचालक के पद पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है. मंत्रालय से इस संबंध में आदेश भी जारी हो गया है. अभी हाल ही में प्रेम कुमार के सेवानिवृत होने के बाद यह पद खाली था।
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत उनकी सेवाएं वन विभाग को वापस लौटाई गई थीं. इसके परिपालन में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने 29 अगस्त 2026 को नवा रायपुर, मंत्रालय (महानदी भवन) से उनकी नई पदस्थापना का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है.
शासन के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विवेक आचार्य की यह पदस्थापना आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से रहेगी। उन्हें निगम के कार्यकारी संचालक के रूप में कामकाज संभालना होगा। कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही निगम से जुड़े प्रशासनिक और विभागीय कार्यों में उनकी भूमिका शुरू हो जाएगी। वन विकास निगम राज्य में वानिकी और वन आधारित विभिन्न गतिविधियों से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
2006 बैच के IFS अधिकारी हैं विवेक आचार्य
विवेक आचार्य भारतीय वन सेवा के 2006 बैच के अधिकारी हैं। लंबे प्रशासनिक अनुभव के साथ वे वन विभाग और पर्यटन क्षेत्र में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। पर्यटन मंडल में प्रबंध संचालक के रूप में जिम्मेदारी निभाने के बाद अब उनकी वापसी वन विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण संस्थान में हुई है। नई जिम्मेदारी के तहत उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के कार्यकारी संचालक का दायित्व सौंपा गया है।








