
0 संभाग आयुक्त श्याम धावड़े ने मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित मॉनिटरिंग पर दिया जोर
रायपुर, कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेड क्रॉस सभा कक्ष में गत दिवस पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने रायपुर संभाग में संचालित विकसित भारत-जी राम जी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जीरामजी-पीएम आवास योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में रायपुर संभाग आयुक्त श्याम धावड़े ने भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान विकसित भारत-जी राम जी अंतर्गत जुलाई एवं अगस्त माह में सृजित मानव दिवस तथा गत वित्तीय वर्ष की तुलना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत 90 मानव दिवस रोजगार, सिक्योर पोर्टल के माध्यम से कार्यों की स्वीकृति, प्रत्येक ग्राम पंचायत में कार्य स्वीकृति, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम , महात्मा गांधी नरेगा के अपूर्ण कार्यों की पूर्णता, एसएनए-स्पर्श के माध्यम से भुगतान, पौधरोपण, वर्षा उपरांत श्रममूलक कार्यों की स्वीकृति एवं मानव दिवस सृजन की कार्ययोजना, NMMS के माध्यम से उपस्थिति, लंबित ई-केवायसी, शून्य प्रविष्टि वाले मस्टर रोल तथा युक्तधारा में प्लान किए गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
सचिव श्री भीम सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में तेजी लाई जाए। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप श्रममूलक कार्य स्वीकृत करने, अधिकाधिक मानव दिवस सृजन करने तथा महात्मा गांधी नरेगा के अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सचिव ने R-SETI एवं RMT के माध्यम से हितग्राहियों के प्रशिक्षण तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
संभाग आयुक्त श्री श्याम धावड़े ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं की नियमित रूप से मॉनिटरिंग करते हुए मैदानी स्तर पर योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने मानव दिवस सृजन, आवास निर्माण, लंबित प्रकरणों के निराकरण एवं अपूर्ण कार्यों की पूर्णता में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के साथ ही जिला एवं जनपद स्तर पर सतत समीक्षा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।







