NAXALITE; बस्तर में नक्सलवाद की कमर टूटी! इनामी लीडर राजू समेत शताधिक नक्सलियों ने किया सरेंडर

जगदलपुर , छत्तीसगढ़ के बस्तर के नक्सल प्रभावित जिलों से लगातार आत्मसमर्पण की खबरे सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में आज बुधवार को कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के कामतेड़ा BSF कैंप में नक्सल संगठन की सबसे सक्रिय कंपनी नंबर 5 के 100 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।

इनमें उत्तर बस्तर के कुख्यात नक्सली लीडर राजू सलाम और राजमन शामिल हैं, जिन पर 25-25 लाख रुपए का इनाम घोषित था। इस सामूहिक आत्मसमर्पण में महिला नक्सली लीडर गीता उर्फ कमली सलाम (5 लाख इनामी) ने भी हथियार डाल दिए। अधिकारियों के अनुसार, यह छत्तीसगढ़ के नक्सल इतिहास के सबसे बड़े सरेंडर अभियानों में से एक है।
संगठन की रीढ़ मानी जाने वाली कंपनी नंबर 5 ने छोड़ा हिंसा का रास्ता
सुरक्षा बलों के लिए लंबे समय से चुनौती बनी कंपनी नंबर 5 का आत्मसमर्पण नक्सल मोर्चे पर निर्णायक साबित हो सकता है। तीन बसों में भरकर 100 से अधिक नक्सली कामतेड़ा BSF कैंप पहुंचे और हथियारों के साथ पुलिस अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। सूत्रों के अनुसार, सरेंडर करने वालों में 5 लाख से अधिक इनामी 30 नक्सली और दर्जनों सक्रिय सदस्य शामिल हैं। सभी को पहले से तय गुप्त आत्मसमर्पण मार्ग से गेंडाबेड़ा गांव तक पैदल लाया गया और फिर बीएसएफ की बसों में कैंप तक पहुंचाया गया।