तेहरान, मिडिल ईस्ट में जारी जंग और खतरनाक होती जा रही है. शनिवार को ईरान पर अमेरिका ने हमला किया था. अब खबर आ रही है कि हमले की आशंका के बावजूद ईरान के शीर्ष नेतृत्व को दिन में हमले की उम्मीद नहीं थी. शनिवार सुबह अयातुल्ला अली खामेनेई अपने सलाहकारों के साथ बैठक कर रहे थे. रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने सुरक्षित बंकर में जाने से इनकार किया और कहा कि छिपने से बेहतर है शहीद होना. बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद मिसाइलें गिरीं. इसके अलावा सोमवार को ईरानी मीडिया ने यह भी कहा कि खामेनेई की पत्नी मंसूरे खोजस्ते का निधन हो गया. बताया गया कि हमलों के बाद वह कोमा में थीं. उनकी उम्र 78 वर्ष थी और उनकी शादी 1964 में हुई थी.
सऊदी और खाड़ी में भी तनाव
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक सऊदी अरब में अमेरिकी दूतावास के पास धमाके की आवाज सुनी गई और धुआं उठता देखा गया. एक सऊदी अधिकारी ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने अपनी एयर डिफेंस क्षमता इजरायल की सुरक्षा के लिए मोड़ दी और खाड़ी देशों को ईरानी हमलों के सामने खुला छोड़ दिया.
कुवैत में अमेरिकी सैनिकों पर सीधा हमला
संघर्ष में पहली बार अमेरिकी सैनिकों की बड़ी मौत की पुष्टि हुई है. कुवैत के शुआइबा पोर्ट पर रविवार को एक अस्थायी ऑपरेशन सेंटर पर ईरानी हमले में छह अमेरिकी सैनिक मारे गए. रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि हमले के दौरान एक प्रोजेक्टाइल एयर डिफेंस को चकमा देकर अंदर पहुंच गया. इससे पहले इसे ड्रोन हमला बताया जा रहा था.
अमेरिकी F-15 भी क्रैश हुए
तनाव के बीच कुवैत की एयर डिफेंस ने गलती से तीन अमेरिकी F-15 लड़ाकू विमानों को मार गिराया. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसे फ्रेंडली फायर की घटना बताया. छहों क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकल गए और उनकी हालत स्थिर है. वीडियो में एक जलता हुआ विमान गिरता दिखा और एक पायलट पैराशूट से उतरता नजर आया.
अमेरिका में समर्थन घट रहा
रॉयटर्स और इप्सोस के सर्वे के अनुसार, सिर्फ चार में से एक अमेरिकी ही ईरान पर हमले का समर्थन कर रहा है. लगातार बढ़ती अमेरिकी सैनिकों की मौत से घरेलू समर्थन और घट सकता है. खुद ट्रंप ने भी चेतावनी दी है कि आगे और नुकसान हो सकता है. मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं. मिसाइल, ड्रोन, एयर डिफेंस और अब दोस्ताना फायरिंग तक की घटनाएं दिखा रही हैं कि जंग का दायरा बढ़ चुका है.
खाड़ी देशों ने कितनी मिसाइल और ड्रोन रोके
अमेरिका-इजरायल हमलों के बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई से पूरा खाड़ी क्षेत्र हिल गया है. अलग-अलग देशों ने अब तक इंटरसेप्ट की गई मिसाइलों और ड्रोन का आंकड़ा जारी किया है.
- कुवैत: 178 बैलिस्टिक मिसाइल और 384 ड्रोन इंटरसेप्ट करने का दावा.
- यूएई: 182 में से 169 मिसाइल रोकीं, बाकी समुद्र में गिरीं. 645 ड्रोन गिराए, 44 ड्रोन देश के अंदर गिरे.
- बहरीन: 70 मिसाइल और 76 ड्रोन इंटरसेप्ट किए.
- कतर: 104 में से 101 मिसाइल रोकीं, 39 में से 24 ड्रोन गिराए. साथ ही दो ईरानी SU-24 विमान मार गिराने का दावा.
- सऊदी अरब: कुल आंकड़ा जारी नहीं, लेकिन रियाद और अल-खरज के पास 8 ड्रोन मार गिराने की पुष्टि. रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला भी रिपोर्ट हुआ.
- ओमान: सीधे बड़े पैमाने पर इंटरसेप्शन का दावा नहीं, लेकिन दुक्म पोर्ट पर दो ड्रोन हमले और मुसंदम तट के पास ऑयल टैंकर पर हमला हुआ. अमेरिका में हजारों लोग सड़कों पर
अमेरिका ईरान का युद्ध: अमेरिका के कई शहरों में सोमवार को हजारों लोगों ने ईरान पर अमेरिका-इजरायल सैन्य कार्रवाई के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया. बोस्टन, न्यूयॉर्क, शिकागो, पोर्टलैंड और मैडिसन समेत कई शहरों में लोग सड़कों पर उतरे और ‘हैंड्स ऑफ ईरान’ जैसे नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों ने इन युद्धों को खतरनाक और गलत बताया. युद्ध विरोधी संगठन ANSWER कोएलिशन ने इसे राष्ट्रीय विरोध दिवस घोषित किया था और देशभर में रैलियां आयोजित की गईं.






