रायपुर, भारतीय सेना द्वारा अग्निवीर भर्ती के लिए आधिकारिक वेब पोर्टल www.joinindianarmy.com के माध्यम से 13 फरवरी 2026 से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में 17 वर्ष 6 माह से 21 वर्ष तक आयु वर्ग के वे युवा आवेदन करने के पात्र हैं, जिनकी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास से लेकर स्नातक अथवा डिप्लोमा उत्तीर्ण तक है।
जिले के युवाओं को आवेदन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करने के लिए ब्लॉक स्तर पर आवश्यक व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थी रोजगार कार्यालय, नगरीय निकाय, पॉलिटेक्निक कॉलेज, शासकीय महाविद्यालय, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जनपद पंचायत तथा नगर पंचायतों में जाकर ऑनलाइन आवेदन से संबंधित जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर आवेदक रोजगार कार्यालय रायपुर में सेना भर्ती हेतु स्थापित हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।
तारमिस्त्री परीक्षा के लिए आवेदन 01 अप्रैल से
छत्तीसगढ़ अनुज्ञापन मंडल विद्युत, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित तारमिस्त्री परीक्षा जुलाई 2026 में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए आवेदन पत्र जमा करने की तिथि 01 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 30 अप्रैल 2026 तक निर्धारित की गई है।
रायपुर में आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए रायपुर, बलौदाबाजार एवं गरियाबंद जिले के इच्छुक आवेदक आवेदन पत्र कार्यालय कार्यपालन अभियंता (विद्युत सुरक्षा) एवं संभागीय विद्युत निरीक्षक, छत्तीसगढ़ शासन 246 आम बगीचा, सुंदर नगर, रायपुर में कार्यालयीन समय में निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं।






