
भोपाल, मध्य प्रदेश के सागर में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने के कारण अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है. मामला सामने आने के बाद प्रशासन भी हकरत में आ गया. आसपास के इलाकों की सभी शराब दुकानों को सील करा दिया गया है. इसके साथ ही सभी दुकानों से सैंपल लिए जा रहे हैं. जिनकी जांच की जाएगी. सीएम ने पूरे मामले पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
प्रशासन की मानें तो करीब 25 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से कुछ की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है. इन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है. अधिकारियों की मानें तो मौतों का आंकड़ा और भी बढ़ने की आशंका है.

प्रशासन की अपील
इस मामले के बाद प्रशासन की तरफ से लोगों से अपील की गई है कि जिन लोगों ने भी बीते 24 या 48 घंटों में शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, बुखार, सिरदर्द, घबराहट या धुंधलापन महसूस हो रहा है. वे एहतियात के तौर पर बिना देरी किए तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी स्क्रीनिंग कराएं. हालांकि डॉक्टरों की टीम ने भी आस पास के गांवों में पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग भी शुरू कर दी है.
सीएम मोहन बोले- सख्त होगी कार्रवाई
सागर दूषित शराब पर सीएम मोहन यादव का भी बयान सामने आया है, उन्होंने प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही आरोपियों पर कठोर से कठोर कार्रवाई होने की बात कही है. सीएम ने साफ कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं जाएगी.बंडा में अवैध जहरीली शराब पीने का मामला: नौराज और गूगरा खुर्द सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं. ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में अवैध जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी मौके पर मौजूद हैं.
आसपास के कई इलाकों की शराब दुकानें सील
प्रशासन ने एहतिहातन तौर पर बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर, बरायठा की दुकानें सील की गईं हैं. इसके साथ ही यहां मौजूद सभी दुकानों सैंपलिंग भी जारी है. प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर जहरीली शराब कहां से आई?प्रशासन ने अपील की है कि जिन लोगों ने शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द या बुखार के लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे एहतियात के तौर पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच कराएं.
12 लोगों किया गया गिरफ्तार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सागर जिले में उत्तर प्रदेश के ललितपुर के शराब माफियाओं का रैकेट सक्रिय था और यह ललितपुर से नकली शराब बना कर कम दामों पर सागर जिले के बंडा ब्लॉक में सप्लाई करता था. पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बताया है कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनसे पूछताछ कर इस रैकेट के सरगना तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
तीन अधिकारी सस्पेंड
सागर में जहरीली शराब मामले में राज्य सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है. तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है. इनमें आबकारी सहायक आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा सर्किल के आबकारी उप निरीक्षक प्रोशनी उरेती शामिल हैं. इसके साथ ही उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय में अटैच कर दिया गया है.






