
0 जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश
महासमुंद, छत्तीसगढ़ शासन के गृह एवं जेल विभाग की अपर मुख्य सचिव एवं महासमुंद जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती निहारिका बारिक ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों, योजनाओं की प्रगति, कानून व्यवस्था एवं जनहित से जुड़े विषयों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ आम नागरिकों की शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में जेल सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित करने आवश्यक निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें तथा प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू जगन्नाथ वर्मा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। प्रभारी सचिव ने कहा कि अधिकारी केवल कार्यों की प्रगति तक सीमित न रहें, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान दें। लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में वीबी राम जी के अंतर्गत आजीविका डबरी, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम, डीफांक एवं बोरवेल सहित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने इन कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने तथा जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को विशेष महत्व देने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा में प्रभारी सचिव ने किसानों को धान के स्थान पर दलहन, तिलहन एवं मिलेट्स फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा उद्यानिकी फसलों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। कृषि विविधीकरण से किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान सीमांकन सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली गई। प्रभारी सचिव ने सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।







