धमतरी, छत्तीसगढ़ में एक तरफ अवैध रेत उत्खनन का काम धड़ल्ले से चल रहा है वहीं, दूसरी तरफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इस बीच धमतरी जिले में अवैध रेत उत्खनन के दौरान मानव कंकाल मिलने का मामला सामने आया था। अब खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई की है। रविवार रात खनिज विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर रेत माफियों के खिलाफ एक्शन लिया है। 5 चैन माउंटेन मशीनों को जब्त किया गया है।
खनिज विभाग के सचिव और संचालक के निर्देशानुसार केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता एवं जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने रविवार रात जिला धमतरी अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम नारी स्थित महानदी में 5 चैन माउंटेन मशीनें रेत के उत्खनन में संलग्न पाई गईं। मौके पर रेत उत्खनन के संबंध में किसी प्रकार की वैध अनुमति अथवा आदेश प्रस्तुत नहीं किए जाने पर खनिज विभाग ने अवैध उत्खनन का प्रकरण दर्ज किया गया।

टीम ने कार्रवाई करते हुए खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत सभी मशीनों को जब्त कर सील किया गया तथा जवाब प्रस्तुत करने हेतु मशीनों पर नोटिस चस्पा किया है। जांच कार्रवाई के दौरान केंद्रीय उड़नदस्ता की संयुक्त जांच टीम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।







