PADDY;प्रतिदिन 3 लाख मी.टन की खरीदी, 23.48 लाख किसानों से धान खरीदी, 29597 करोड़ का भुगतान

0 अब दो दिन धान खरीदी शेष
रायपुर, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राज्य में अब तक प्रदेश के 23.48 लाख किसानों ने समर्थन मूल्य पर अपना धान बेचा है। धान खरीदी के एवज में अब तक किसानों को कुल 29,597 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। आगामी 2 दिनों में लगभग 1 लाख और किसान धान विक्रय के लिए केंद्रों पर पहुँचने वाले हैं। इसके लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं, ताकि किसी भी किसान को असुविधा न हो। खरीदी केंद्रों पर व्यवस्था, तौल, परिवहन और भुगतान की पूरी प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी अवधि में 50,000 से अधिक नए टोकन जारी किए जाने की संभावना है। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 22,000 टोकन जारी किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को अपनी बारी के अनुसार व्यवस्थित ढंग से धान बेचने का अवसर मिल रहा है। राज्य में प्रतिदिन लगभग 3 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा रही है, जो इस अभियान की व्यापकता और प्रशासनिक क्षमता को दर्शाती है। बड़ी मात्रा में हो रही खरीदी के बावजूद गुणवत्ता परीक्षण, तौल और भंडारण की प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी न हो।
टोकन जारी करने के बाद भी धान नहीं लिया जाना अनैतिक – डॉ. चरणदास महंत
छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन योजनान्तर्गत जिला सक्ती में धान बेचने के लिए किसानों को जारी किये गये टोकन पर आज से टोकन में दर्ज मात्रा से कम मात्रा में धान लिये जाने अथवा नहीं लिये जाने के मौखिक आदेश के कारण किसानों में अत्यधिक असंतोष व्याप्त है। मौखिक आदेश के विरोध में किसानों के द्वारा आंदोलन प्रारंभ कर दिया है, कई सड़कों पर आवागमन को अवरूद्ध कर दिया गया है। स्थिति अत्यधिक तनावपूर्ण है।
10 हजार किसान धान नहीं बेच पा रहे
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि, जिला सक्ती में धान बेचने के लिए कुल 91,526 किसानों ने पंजीयन कराया था, खरीदी की अनुमानित मात्रा 5,31,115 मी. टन है। 27 जनवरी के अपरान्ह 2.30 बजे तक 4,33,717 मी. टन खरीदी हुई थी, धान बेचने वाले किसानों की संख्या 81,711 है। अभी भी कई हजार किसान धान नहीं बेच सके हैं और खरीदी की अंतिम तारीख 30.01.2026 है। यदि किसानों से उनके पूरे धान की खरीदी नहीं की जाती है तो यह हमारे अन्नदाताओं के साथ बहुत अन्याय पूर्ण होगा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने राज्यपाल को लिखें पत्र में कहा कि, राज्य सरकार को निर्देशित करें कि धान उपार्जन योजना के अनुसार किसानों से पूरा धान खरीदे और धान खरीदी की तारीख को आगे बढ़ाएं।
कांग्रेस बौखलाहट में दुष्प्रचार करने में लगी है’
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा है कि धान खरीदा को लेकर कांग्रेस लगातार झूठ-पर-झूठ बोलकर प्रदेश के किसानों को भ्रमित करने में लगी है जबकि सच्चाई यह है कि चालू खरीफ विपणन सत्र में अब तक 23.48 लाख किसानों का धान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार अपने वादे के मुताबिक खरीद चुकी है और शेष सभी पंजीकृत पात्र किसानों का धान खरीदने के लिए वह संकल्पित है।



