
बिचौलियों के माध्यम से धान खपाने की आशंका पर प्रशासन सख्त,
रायपुर, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए राज्य शासन द्वारा सघन जांच एवं निगरानी की जा रही है। किसानों के हितों की सुरक्षा और बिचौलियों के माध्यम से अवैध रूप से धान खपाने की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गौरेलापेण्ड्रा मरवाही जिले के दो धान उपार्जन केंद्रों से कुल 282 बोरी, लगभग 119 क्विंटल धान जब्त किया है।
सोमवार को राजस्व, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि विभाग के संयुक्त जांच दलों ने धान उपार्जन केंद्र खोडरी और गौरेला में जांच की। इस दौरान ग्रीष्मकालीन फसल का पुराना एवं मिश्रित किस्म का धान विक्रय के लिए लाए जाने तथा बिचौलियों के माध्यम से धान खपाए जाने की आशंका के आधार पर जब्ती की कार्रवाई की गई।

’खोडरी उपार्जन केंद्र में 240 बोरी धान जब्त, पुराने और मिश्रित धान पर संदेह’
धान उपार्जन केंद्र खोडरी में संयुक्त जांच दल ने समिति कर्मचारियों की उपस्थिति में किसानों द्वारा विक्रय के लिए लाए गए धान की गुणवत्ता एवं नमी की जांच की। जांच के दौरान दो किसानों द्वारा ग्रीष्मकालीन फसल का पुराना एवं मिश्रित किस्म का धान उपार्जन केंद्र में लाया जाना पाया गया। जांच दल द्वारा संबंधित व्यक्तियों से धान के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई, लेकिन उनके द्वारा स्पष्ट जानकारी नहीं दिए जाने से संदेह की स्थिति उत्पन्न हुई। जांच के दौरान बिचौलियों के माध्यम से उपार्जन केंद्र में धान खपाए जाने की प्रबल आशंका सामने आने पर संयुक्त दल ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए धान जब्त किया। इस कार्रवाई के अंतर्गत नरेंद्र सिंह राठौर से 40 बोरी, लगभग 20 क्विंटल धान जब्त किया गया। इसी प्रकार हेमबाई राठौर, नामिनी राजेश कुमार राठौर से 200 बोरी, लगभग 80 क्विंटल धान जब्त किया गया। इस तरह खोडरी उपार्जन केंद्र में कुल 240 बोरी, लगभग 100 क्विंटल धान की जब्ती की कार्रवाई की गई।
’गौरेला उपार्जन केंद्र में 42 बोरी धान जब्त, संयुक्त जांच दल ने की कार्रवाई’
इसी क्रम में धान उपार्जन केंद्र गौरेला में भी प्रशासनिक जांच दल द्वारा कार्रवाई की गई। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेंड्रारोड, खाद्य निरीक्षक गौरेला एवं कृषि नोडल अधिकारी गौरेला के संयुक्त दल ने उपार्जन केंद्र में विक्रय के लिए लाए गए धान की जांच की। जांच के दौरान ग्राम आंदुल (भदौरा) निवासी कृषक श्री पून्नू लाल द्वारा ग्रीष्मकालीन एवं मिश्रित किस्म का धान विक्रय के लिए लाया जाना पाया गया। धान की प्रकृति एवं गुणवत्ता को लेकर उत्पन्न संदेह के आधार पर जांच दल ने कार्रवाई करते हुए 42 बोरी, लगभग 19 क्विंटल धान जब्त किया। जब्त किए गए धान को समिति प्रबंधक गौरेला की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया। इस प्रकार दोनों उपार्जन केंद्रों में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 282 बोरी धान जब्त किया गया।
घुटकेल में ड्राइवर के घर छिपाकर रखे गए 147 बोरा और उमरगांव के गोदाम से 310 कट्टा धान जब्त
धमतरी जिले में अवैध धान के भंडारण और उपार्जन केंद्रों में अनधिकृत धान खपाने की आशंका वाले मामलों पर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम घुटकेल और उमरगांव में कार्रवाई करते हुए कुल 457 बोरा-कट्टा धान जब्त किया है। संयुक्त टीम ने ग्राम घुटकेल में जांच के दौरान एक मकान में संग्रहित धान का पता लगाया। जांच में सामने आया कि संतोष खंडेलवाल द्वारा अपने ड्राइवर के घर में 147 बोरा धान रखवाया गया था। प्रारंभिक जांच में इस धान को आगामी खरीदी के दौरान उपार्जन केंद्र में खपाने के उद्देश्य से संग्रहित किए जाने की आशंका व्यक्त की गई। मौके पर धान के भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर टीम ने सभी 147 बोरा धान जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसी प्रकार ग्राम उमरगांव में तोषण कुमार साहू के गोदाम की जांच के दौरान धान भंडारण से संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत संयुक्त टीम ने गोदाम में रखे 310 कट्टा धान को जब्त किया। दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई से प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता की आशंका वाले मामलों की गंभीरता से जांच की जाएगी।







