
रायपुर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए फेरबदल किया है। कांग्रेस पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कांग्रेस अध्यक्ष के अनुमोदन से कई वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को विभिन्न राज्यों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
संगठनात्मक फेरबदल के तहत छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल को पूर्वोत्तर के महत्वपूर्ण राज्य असम का नया राष्ट्रीय महासचिव सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ का प्रभार सुखदेव भगत को दिया गया है।

कई राज्यों के प्रभारी बदले
इसके साथ ही पार्टी ने देश के अन्य प्रमुख राज्यों के लिए भी नए प्रभारियों की घोषणा कर दी है। वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात राज्य का जनरल सेक्रेटरी इन-चार्ज बनाया गया है, और इसके साथ ही उन्हें कर्नाटक राज्य का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
पायलट को भेजा पंजाब
युवा नेता सचिन पायलट को पंजाब राज्य की कमान सौंपी गई है, जहां पार्टी संगठन को आगामी राजनीतिक परिदृश्य के अनुसार और अधिक सक्रिय करने की योजना है।
महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के प्रभारी भी बदले
महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश जैसे देश के बेहद अहम राज्यों में भी सांगठनिक नियुक्तियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। डॉक्टर सिरिवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र राज्य का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि पीवी मोहन को आंध्र प्रदेश राज्य की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है।







