महासमुंद, कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने छत्तीसगढ के महासमुंद जिले के बसना एवं पिथौरा क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं तथा अवैध रूप से संचालित सट्टा-जुआ के साथ नशे के कारोबार को लेकर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।युवा वर्ग जुआ-सट्टा के साथ नशे की चपेट में आ गया है, जो बेहद चिंतनीय है।
यहां जारी एक बयान में मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों की मेहनत की कमाई और संपत्ति सुरक्षित नहीं रह गई है। उनका दावा है कि क्षेत्र में कथित रूप से अवैध सट्टा और जुए का कारोबार भी खुलेआम संचालित हो रहा है, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और युवाओं का भविष्य दांव पर लग रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि इन गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक एवं जिला प्रशासन से मांग की कि बसना और पिथौरा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा किया जाए तथा अवैध सट्टा-जुआ-नशा के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मोक्ष कुमार ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी। उन्होंने प्रशासन से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर बसना-पिथौरा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम करने की मांग की।







