पटना, बिहार के मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं। उन्होंने ट्वीट कर खुद कन्फर्म किया है। अब नए सीएम के लिए तैयार रहें। जदयू प्रमुख नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की घोषणा की, जिससे बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। जेडीयू की ओर से राज्यसभा की दो सीटों के लिए नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर के नाम से एनआर (नजारत रसीद) भी कट गया है। उम्मीद है कि 1-2 बजे के बीच में नॉमिनेशन होगा।

नीतीश कुमार ट्वीट कर दी जानकारी
नीतीश कुमार ने ट्वीट कर कहा, ‘पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।
संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं।मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।’
नीतीश के नॉमिनेशन में अमित शाह भी रहेंगे मौजूद
बिहार में नीतीश कुमार के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी राज्यसभा के लिए आज नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन इस मौके पर नवीन के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रमुख और राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतिश कुमार आज विधानसभा परिसर में अपनाअ नामांकन पत्र दाखिल करेंगे ।
10 अप्रैल तक बिहार का सीएम रहेंगे नीतीश
नीतिश कुमार 10 अप्रैल तक सीएम की कुर्सी पर रहेंगे। इससे पहले नए सीएम का बिहार में चुनाव होगा। बिहार में राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को होना प्रस्तावित है। उम्मीदवार नौ मार्च तक अपने नामांकन वापस ले सकते हैं। बिहार में राज्यसभा की कुल 16 सीटों में से पांच सीटें अप्रैल में खाली हो रही हैं, जिनके लिए चुनाव कराया जा रहा है। इन पांच सीटों में से दो सीटें जदयू के पास हैं।






