रायपुर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारो से चर्चा करते हुये सरकार को विभिन्न मुद्दो पर घेरा। उन्होंने रायपुर पुलिस की चालानी कार्यवाही, विधानसभा के विशेष सत्र, प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती तथा प्रदेश की बदतर कानून व्यवस्था पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि रायपुर पुलिस कमिश्नरी के द्वारा जो जबरिया चालान लोगो को भेजे जा रहे है, वह अत्याचार है। बिना स्टापलाईन, जेब्रा क्रॉसिंग पार किये, जबरिया चालान भेजा जा रहा है। आप रोड के किनारे सब्जी ले रहे चालान आ जायेगा। यातायात के संकेतक मिट गये है और पुलिस उसके उल्लंघन पर कार्यवाही कर रही है। पुलिस अपराध नियंत्रण का अपना मूल काम भूल गयी है। कमिश्नरी प्रणाली जनता को परेशान करने लागू की गयी है क्या? चाकूबाजी, लूट, हत्या, बलात्कार की घटनाएं तो रुक नहीं रही है। जनता जितना अपराधों से परेशान थी उतना अब पुलिस के चालान से परेशान है। पुलिस वसूली मास्टर बन चुकी है। पुलिस ने चालानी कार्यवाही बंद नहीं किया तो सड़क पर उतरकर विरोध किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि राजधानी के सभी चौराहे पर बनाई गई स्टॉप लाइन मिट गई है, जेब्रा क्रासिंग मिट गयी है पुलिस अंदाजन लोगों को लाइन क्रास करने के नाम पर चालान भेज रही है। चालान नहीं पटाने पर गाड़ियां घर से उठाये जाने की धमकी दी जा रही, गाड़ियां घरों से उठाई जा रही है। रायपुर कमिश्नरी की पुलिस से राजधानी वासी खौफ खाने लगे है। पुलिस व्यवस्था बनाने नहीं वसूली करने चालान भेज रही है, पुलिस का रवैया आपत्तिजनक है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बदतर हो चुकी है। बदमाश, आम आदमी के घरों में घुस कर गोली मार रहे है। हत्या कर हत्यारें कटे सर को लेकर खुल्ला घूमते हैं। प्रदेश के हर शहर में रोज हो रही हत्याओं से आम आदमी डरा हुआ है। मासूम बच्चियों से दुराचार की घटनाएं बढ़ गयी है। 5 साल की मासूम बच्ची सुरक्षित नहीं। लूट, चोरी, हत्या, चाकूबाजी के कारण नागरिकों में दहशत का माहौल है। गृह मंत्री, मुख्यमंत्री को कानून व्यवस्था की कोई चिंता नहीं है। छत्तीसगढ़ में आम नागरिक बढ़ते अपराध से डरा हुआ है।







