0 दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में डिजिटल टिकटिंग एवं कैशलेस सेवाओं का विस्तार
रायपुर/बिलासपुर, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों को सहज, तेज़ एवं कैशलेस सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से स्टेशनों एवं यात्री सेवा केंद्रों पर डिजिटल टिकटिंग सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया जा रहा है। यात्रियों को बिना कतार में लगे शीघ्र अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराने के लिए ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) सुविधा को तेजी से बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 44 स्टेशनों पर कुल 87 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें बिलासपुर मंडल के 13 स्टेशनों पर 32 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन, रायपुर मंडल के 12 स्टेशनों पर 26 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन तथा नागपुर मंडल के 19 स्टेशनों पर 29 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन कार्यरत हैं।
यात्रियों की बढ़ती मांग एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए निकट भविष्य में 38 अतिरिक्त ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन स्थापित किए जाने की योजना है, जिनमें बिलासपुर मंडल में 12, रायपुर मंडल में 16 तथा नागपुर मंडल में 10 नई मशीनें शामिल हैं। यह विस्तार स्व-टिकटिंग प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा तथा यात्रियों के समय की बचत के साथ टिकटिंग प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाएगा।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में डिजिटल लेन-देन के प्रति यात्रियों की बढ़ती स्वीकृति स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। वर्तमान में यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) के 42 प्रतिशत लेन-देन डिजिटल माध्यम से हो रहे हैं, जबकि अनारक्षित टिकटिंग (यूटीएस एवं एटीवीएम) के 34 प्रतिशत लेन-देन डिजिटल भुगतान के माध्यम से संपन्न हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त, पार्सल कार्यालयों में 100 प्रतिशत डिजिटल लेन-देन सुनिश्चित किया जा चुका है तथा टिकट जांच से प्राप्त होने वाली आय का 26 प्रतिशत हिस्सा भी डिजिटल माध्यम से संग्रहित किया जा रहा है।






