महासमुंद, छत्तीसगढ के महासमुंद जिले के बसना – सरायापाली क्षेत्र में शनिवार देर रात करीब 2 बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश सेअंचल के नदी -नाले उफान पर है। आज सुबह करीब आठ बजे तक हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार 6 घंटे हुई तेज बारिश के कारण बसना–गनेकेरा, पदतरडीह और बरगांव समेत कई अन्य मार्गों पर पुलिया-रपटा में दो से तीन फीट पानी बहने लगा, जिससे इन मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
बसना–गनेकेरा मार्ग पर सड़क के दोनों ओर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों तक बारिश के बीच इंतजार करना पड़ा। बसना- दुरुगपाली मार्ग पर भी यातायात प्रभावित हुआ।कई अंदरुनी इलाके में आवाजाही में दिक्कत हुई। खेत -खलिहान भी लबालब हो गए है।
बारिश के चलते आसपास के निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बन गई। कई खेतों में पानी भर गया और ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी बनी रही। हालांकि सुबह पानी का स्तर धीरे-धीरे कम होने के बाद आवागमन आंशिक रूप से सामान्य हो सका।
मेघनाथ दास,धनेश यादव ने कहा कि रातभर हुई बारिश के कारण सुबह बसना–गनेकेरा मार्ग के पुल पूरी तरह पानी में डूब गया था। कई लोग काम से निकल रहे थे, लेकिन तेज बहाव देखकर रुक गए। ऐसे समय में गांव के युवाओं ने मिलकर लोगों की मदद की, जिससे कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोग बसना आते-जाते हैं। पुल पर पानी आने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। तेज बहाव में बाइक लेकर निकलना जानलेवा साबित हो सकता था।
सिनोप्टिक सिस्टम
मौसम विभाग ने बताया कि अभी मानसून द्रोणिका जैसलमेर, दक्षिण पश्चिम राजस्थान, शिवपुरी, दतिया, सीधी, डाल्टनगंज और उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में स्थित निम्न दाब के केंद्र से होते हुए उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है. एक ऊपरी हवा का पूर्व पश्चिम शियर जोन 24 डिग्री उत्तर में 3.1 किमी से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक मौजूद है. रविवार को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छीटें पड़ने की संभावना है.
रेड अलर्ट
प्रदेश के रायपुर समेत कई जिलों में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है. धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और बिलासपुर में 60 से 80 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है.
यलो अलर्ट
सुकमा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर, में 40 किमी तक की तेज हवाओं के साथ वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है.






