
अंबिकापुर, छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने जा रही छात्रा को कुछ युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने रास्ते में रोका और जंगल की ओर ले गए। वहां उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने जा रही थी छात्रा
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात नाबालिग छात्रा अपनी सहेली के साथ गांव में आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में बाइक और स्कूटी सवार कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने छात्रा को लिफ्ट देने की बात कही और उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद उसे जंगल की ओर ले जाया गया, जहां वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
एक नाबालिग समेत तीन आरोपी हिरासत में
घटना की जानकारी मिलने के बाद लुंड्रा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत तीन संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपियों की भूमिका के साथ-साथ घटनास्थल और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।







