
नारायणपुर, लिंगो मुदीयाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, नारायणपुर में ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (RAWE – Rural Agricultural Work Experience) कार्यक्रम के अंतर्गत ओरिएंटेशन आयोजित किया गया। अधिष्ठाता डॉ. रत्ना नशीने के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्रामीण कृषि की व्यावहारिक जानकारी, किसानों की समस्याओं को समझने तथा वैज्ञानिक कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर युवा महोत्सव के प्रशस्ति पत्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के बी प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
RAWE कृषि शिक्षा का महत्वपूर्ण अंग अधिष्ठाता डॉ. रत्ना नशीने
डॉ. रत्ना नशीने ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि RAWE कृषि शिक्षा का महत्वपूर्ण अंग है, जो विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित ज्ञान को खेतों और ग्रामीण परिस्थितियों में लागू करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को किसानों के साथ संवाद स्थापित करने, उनकी वास्तविक समस्याओं को समझने तथा वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कृषि स्नातकों को तकनीकी ज्ञान के साथ सामाजिक संवेदनशीलता, अनुशासन और सेवा भावना को भी अपने कार्य का हिस्सा बनाना चाहिए।उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
कार्यक्रम में डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को कृषि की नवीन तकनीकों और व्यावहारिक प्रशिक्षण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने किसानों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया।डॉ. होमेंद्र सिवाना ने ग्रामीण परिस्थितियों, स्थानीय संसाधनों और किसानों की आवश्यकताओं को समझने के साथ अनुशासन एवं टीम भावना से कार्य करने की प्रेरणा दी।डॉ. विवेक विश्वकर्मा ने वैज्ञानिक कृषि तकनीकों के प्रभावी प्रसार को कृषि विकास के लिए आवश्यक बताते हुए विद्यार्थियों को नवाचारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।डॉ. उमा ने ग्रामीण विकास में महिलाओं एवं महिला किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उनकी सहभागिता और क्षमता विकास को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।
प्रशस्ति पत्र एवं NSS बी प्रमाणपत्र वितरित
कार्यक्रम के दौरान युवा महोत्सव में सहभागिता एवं उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को NSS के बी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा, सांस्कृतिक सहभागिता और सामाजिक सेवा के प्रति योगदान को प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को कृषि शिक्षा के व्यावहारिक पक्ष को समझने, ग्रामीण समुदायों से जुड़ने तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।






