
रायपुर, राजधानी रायपुर में जमीन, मकान और प्लॉट की रजिस्ट्री कराने वाले लोगों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। शासन शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पांच नए उप पंजीयक कार्यालय खोलने की तैयारी कर रहा है। ये कार्यालय आधुनिक डिजिटल सुविधाओं से भी लैस होंगे। इनके शुरू होने के बाद रायपुर में कुल 14 स्थानों पर जमीन की रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध होगी।
राजधानी में 7 रजिस्ट्री कार्यालय हैं जिनपर भीड़ का दबाव काफी ज्यादा रहता है। ऐसे में रजिस्ट्री के लिए लोगों को काफी इंतजार करना पड़ जाता है। वहीं दो दफ्तर बेबीलॉन टॉवर और विधानसभा रोड स्थित श्रीराम बिजनेस पार्क में पहले ही खुल चुके हैं।
रायपुर में आधी से भी कम हुई रजिस्ट्री
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पहले रायपुर के पंजीयक कार्यालय में रोजाना 400 से अधिक जमीनों की रजिस्ट्री होती थी। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण मुख्य रजिस्ट्री कार्यालय में लगातार भीड़ बनी रहती है। इसे देखते हुए रजिस्ट्री कार्यालयों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अब यहां औसतन 150 रजिस्ट्रीयां होती हैं।
नए कार्यालयों के लिए जमीन की तालाश
न रजिस्ट्री केंद्र केंद्र मुख्य रूप से शहर के आउटर इलाकों में खोले जाएंगे। इसके लिए भवन तलाशने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टाटीबंध-हीरापुर, अमलीडीह-अवंति विहार और बीरगांव-सिलतरा समेत आउटर क्षेत्रों में नए केंद्र खोले जाने की तैयारी है। इससे इन क्षेत्रों के लोगों को अपने नजदीक ही रजिस्ट्री की सुविधा मिल सकेगी।
दूर-दराज क्षेत्रों के लाखों लोगों को राहत
वर्तमान में जिले के दूर-दराज के लोगों को रजिस्ट्री कराने के लिए रायपुर समेत अन्य क्षेत्रों के दफ्तर में जाना पड़ता है। नए कार्यालय खुलने से लोगों को अपने नजदीकी क्षेत्र में सुविधा मिल जाएगी।
रायपुर में 8 उपपंजीयक बैठेंगे
कलेक्टोरेट परिसर में नई पांच मंजिला पंजीयन बिल्डिंग का आगामी कुछ महीनों में लोकार्पण होना है। विभागीय अधिकारी के अनुसार इस बिल्डिंग में पंजीयक के अलावा 8 उपपंजीयक बैठेंगे। वहीं अन्य सभी उपपंजीयक दफ्तरों में 1-1 उपपंजीयक बैठेंगे। इस तरह शहरी क्षेत्र में कुल 15 उपपंजीयक अपनी सेवाएं देंगे।







