रायपुर, रायपुर नगर निगम के सभी जोनों के राजस्व विभागों में सम्पतिकर अदा करने सम्पतिकर दाता उमड़ पड़े. सुबह से दोपहर तक आज नगर निगम राजस्व विभाग को 6905 सम्पतिकरदाता 5 करोड़ 57 लाख 70 हजार 441 रूपये सम्पतिकर अदा कर चुके थे और यह सिलसिला सभी जोन कार्यालयों में निरन्तर चल रहा है. 31 मार्च 2026 को सम्पतिकर अदा करने अंतिम नियत तिथि निर्धारित है.
रायपुर नगर निगम के सभी 10 जोन कार्यालयों के राजस्व विभाग अंतिम नियत तिथि 31 मार्च 2026 को महावीर जयन्ती के अवकाश दिवस पर आम कार्य दिवस की तरह राजस्व वसूली के लिए खुलेंगे, मोर रायपुर एप और ऑनलाइन लिंक https://mcraipur.in/ से ऑनलाइन सम्पतिकर भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. आज भी सभी जोनों के राजस्व विभाग द्वारा वार्डो में नगर निगम को राजस्व बकाया अदा नहीं करने वाले दुकानदारों के सम्बंधित व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को सीलबंद करने की कार्रवाई और घरों में बकाया राजस्व अदा नहीं करने पर नल विच्छेद की कार्रवाई लगातार दिन भर जारी रही.
राजस्व विभाग द्वारा अभियान चलाकर सभी 70 वार्डों के समस्त बड़े बकायादारों को अवगत करवाया जा रहा है कि बकाया राशि नगर निगम राजस्व विभाग को अदा नहीं किये जाने की स्थिति में सम्बंधित सभी बड़े बकायादारों पर कुर्की और सीलबंदी करने की नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.







