
नईदिल्ली, सुप्रीम कोर्ट ने नजदीकी खून के रिश्ते में शादी करने को लेकर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है. कोर्ट ने चिंता जताते हुए कहा कि करीबी रिश्ते में शादी करने के बारे में लोगों को जागरूक करने की जरूरत है. इससे नुकसान होता है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस पर रोक लगाने के लिए जरूरी कदम उठाने की जरूरत है. जानें किस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने यह टिप्पणी की.
सुप्रीम कोर्ट ने यह टिप्पणी बेंगलुरु के एक मामले को लेकर की है. कोर्ट को बेंगलुरु की रहने वाली एक दृष्टिबाधित स्टूडेंट ने बताया था कि उसके माता-पिता रक्त संबंधी हैं. जिसकी वजह से उसे जन्मजात अनुवांशिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस मामले पर कोर्ट ने संज्ञान लिया और कहा कि इस तरह की शादियों पर कोर्ट रोक नहीं लगा सकता है.
केंद्र सरकार को जारी किया नोटिस
इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इसको लेकर कानून बनाया जा सकता है और केंद्र सरकार को नोटिस जारी करते हुए पूछा कि क्या इस तरह की शादियां रोकने के लिए कानून लाया जा सकता है? इस पर रोक लगाने के लिए कोई कदम उठाना चाहिए या फिर लोगों को जागरूक करना चाहिए.
सेहत पर पड़ता है असर
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस पर कोर्ट रोक नहीं लगा सकती है. शादी किससे करना है यह तो किसी की भी निजी पसंद होती है. हालांकि कोर्ट ने इस दौरान यह भी कहा कि इससे भी इनकार नहीं किया जा सकता है कि रक्त संबंधियों से शादी करने पर सेहत पर बुरा असर पड़ता है.सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ एडवोकेट अंजुमन त्रिपाठी याचिका दाखिल करते हुए चिकित्सा विज्ञान का हवाला दिया और बताया कि ब्लड रिलेशन में शादियां करने पर बच्चों में जन्मजात विकृति, अंधा या बहरा होना, विकास में कमी, विकलांगता, शिशुओं की मृत्यु और खराब स्वास्थ्य जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है.






