CRIME; ‘फुल टाइम चोर- पार्ट टाइम दुकानदार’, राजधानी में इडली-डोसा की ठेला लगाने वाले निकले चोरी के मास्टरमाइंड, पुलिस भी हैरान

0 राजनांदगांव के निवासी, दुर्ग में चोरी, राजधानी में दुकान

रायपुर, पडोस के दुर्ग जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में महीनों से चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये चोर रायपुर में इडली-डोसा बेचते थे और रात में दुर्ग में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी की गई ज्वेलरी को राजनांदगांव में तीन खरीदारों को बेचते थे, जिन्हें पुलिस ने भी गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी मनीष अमोरिया के खिलाफ राजनांदगांव में पहले से 10 अपराध दर्ज हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों से मिल रही थीं शिकायत
दुर्ग के ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले कुछ महीनों से चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। जांच में सामने आया कि चोर बाहर से आकर वारदात को अंजाम देते हैं। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ये लोग रायपुर में इडली-डोसा बेचते थे।
रेकी करके अंजाम देते थे आरोपी
इन चोरों के खिलाफ सिर्फ दुर्ग में 8 चोरी के अपराध दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मुख्य शातिर चोर मनीष अमोरिया के खिलाफ राजनांदगांव में पहले से 10 अपराध दर्ज हैं। इन चोरों को पकड़ना दुर्ग पुलिस के लिए बेहद चुनौती बना हुआ था, क्योंकि ये तीनों शातिर चोर राजनांदगांव के रहने वाले हैं और रायपुर में इडली-डोसा की दुकान लगाते थे, जबकि चोरी की घटनाओं को दुर्ग के ग्रामीण क्षेत्रों में रेकी करके अंजाम देते थे।
चोरी करने के बाद बेचते थे इडली-डोसा
तीनों दोस्त मिलकर घरों से ज्वेलरी और नकदी चुराया करते थे। चोरी करने के बाद वे रायपुर फरार हो जाते थे और वहां मठपुरैना इलाके में इडली-डोसा बेचने का काम करते थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की। चोरी वाले स्थानों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और दर्जनों टावर डंप निकाले। जांच में यह बात सामने आई कि चोर कहीं बाहर से आकर वारदात को अंजाम देते हैं। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ज्वेलरी बेचकर पैसे बांट लेते थे आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की ज्वेलरी राजनांदगांव के तीन अलग-अलग लोगों को बेच देते थे और पैसे आपस में बांट लेते थे। इस खुलासे के आधार पर पुलिस ने ज्वेलरी खरीदने वाले उन तीनों खरीदारों को भी गिरफ्तार कर लिया है।




