
वाशिंगटन , एजेंसी, अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. 3 नवंबर को हुए चुनाव में लाखों मतदाताओं ने रिपब्लिकन पार्टी के खिलाफ मतदान किया. अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, डेमोक्रेटिक पार्टी ने संसद के दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर लिया है. चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा कि वह नतीजों को स्वीकार करेंगे. हालांकि उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी की हार के लिए यह तर्क दिया कि वह खुद चुनाव मैदान में नहीं थे. इन नतीजों से अमेरिकी संसद में सत्ता का संतुलन बदल गया है. अब ट्रंप सरकार को अपने फैसलों और नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए डेमोक्रेट्स के विरोध और सवालों का सामना करना पड़ सकता है.
हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में कितनी सीटें जीतीं?
अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में कुल 435 सीटें हैं. बहुमत के लिए 218 सीटों की जरूरत होती है. चुनावी अनुमानों के मुताबिक, डेमोक्रेट्स ने कम से कम 8 रिपब्लिकन सीटों पर जीत दर्ज कर सदन में बहुमत हासिल कर लिया है. केंटकी, न्यू जर्सी और नॉर्थ कैरोलिना जैसे राज्यों में रिपब्लिकन उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा.

सीनेट में भी रिपब्लिकन को नुकसान
अमेरिकी सीनेट में कुल 100 सीटें हैं और बहुमत के लिए 51 सीटें जरूरी हैं. डेमोक्रेट्स ने रिपब्लिकन के कब्जे वाली 7 सीनेट सीटों पर जीत दर्ज की. बहुमत हासिल करने के लिए उन्हें केवल 4 सीटों के अतिरिक्त फायदे की जरूरत थी. इन अहम सीटों पर रॉय कूपर, एनी एंड्रयूज, शेरोड ब्राउन, एडम हैमिल्टन, ट्रॉय जैक्सन, जेम्स टालारिको और जोश ट्यूरेक ने जीत हासिल की.
हाउस और गवर्नर रेस में डेमोक्रेट्स ने बनाई बड़ी बढ़त
अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के लिए जारी लाइव ट्रैकर के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट, प्रतिनिधि सभा और गवर्नर पद की रेस में रिपब्लिकन पार्टी पर मजबूत बढ़त बना ली है. सीनेट की बात करें तो डेमोक्रेट्स 54 सीटों पर आगे चल रहे हैं, जबकि रिपब्लिकन के पास 44 सीटें हैं. प्रतिनिधि सभा में भी डेमोक्रेट्स 241 सीटों के साथ रिपब्लिकन की 149 सीटों के मुकाबले काफी आगे हैं. इसके अलावा गवर्नर्स के मुकाबलों में भी डेमोक्रेटिक पार्टी 27 सीटों के साथ बढ़त बनाए हुए है, जबकि रिपब्लिकन पार्टी 20 सीटों पर सिमटती दिख रही है.
लॉस एंजिल्स मेयर चुनाव में नित्या रमन ने पकड़ी बढ़त, मौजूदा मेयर करेन बास पिछड़ीं
लॉस एंजिल्स के मेयर पद के कड़े मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जहां देर रात 1:45 बजे जारी नवीनतम रुझानों के अनुसार नगर परिषद सदस्य नित्या रमन ने मौजूदा मेयर करेन बास को पीछे छोड़ते हुए बढ़त हासिल कर ली है. कुल 61% वोटों की गिनती पूरी होने तक नित्या रमन बास से आगे निकल गई हैं, जिससे इस चुनाव का मुकाबला और भी दिलचस्प और रोमांचक हो गया है. जैसे-जैसे वोटों की गिनती आगे बढ़ रही है, बढ़त का पलड़ा लगातार बदल रहा है और डाक मतपत्रों की अंतिम गणना तक स्थिति काफी कांटे की बनी हुई है.
कैलिफोर्निया भी गया, डेमोक्रेट रिचर्ड पैन की जीत
मिशिगन ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल अल सैयद को अपना अगला सीनेटर चुना है. अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी और रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स को हरा दिया. अब्दुल ने माना कि ये उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है. आपको बता दें कि चुनाव प्रचार के दौरान उनमें और डोनाल्ड ट्रंप में खूब तानेबाजी हुई और इसे लेकर मीडिया में सुर्खियां बनी रहीं. जीत से उत्साहित सैयद ने मंच से कहा- ‘मेरा नाम अब्दुल रहमान अल सैयद है और मिशिगन हमने जीत हासिल कर ली. मुझे खुशी है कि मैं आपके सामने बतौर सीनेटर इलेक्ट खड़ा हूं.’ उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि हम सभी जानते हैं कि मेरे नाम और मेरे धर्म की वजह से आपका पेट्रोल खरीदना महंगा नहीं हुआ है. न ही इसकी वजह से आप राशन खरीदने में परेशानी झेल रहे हैं और न ही आपको डॉक्टर के पास जाने में दिक्कत हो रही है. फिर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पर निशाना साधते हुए अब्दुल ने कहा कि मुझे पता है कि उन्हें मेरा नाम बोलने में परेशानी होती है. इसलिए जनवरी में जब जेडी वेंस मुझे सीनेटर पद की शपथ दिलाएंगे, तो आप मुझे सीनेटर कहकर बुला सकते हैं.







