
नईदिल्ली, पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के दो विधायकों ने प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. इस्तीफा देने वालों में पटियाला जिले की समाना विधानसभा सीट से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह शामिल हैं.
दोनों विधायकों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए अपने इस्तीफे की जानकारी दी. चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मैं चेतन सिंह जोड़ामाजरा आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं.” दो विधायकों के इस्तीफे से पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. हालांकि, फिलहाल इस्तीफे के पीछे की वजह को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
आप ने 40 प्रत्याशियों की जारी की थी पहली लिस्ट
दोनों विधायकों के इस्तीफे के पीछे आगामी चुनाव में टिकट न मिलने की नाराजगी को वजह बताया जा रहा है। शनिवार को आम आदमी पार्टी की ओर से 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद यह राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया।
सूची में नहीं थे दोनों विधायकों के नाम
इस सूची में दोनों विधायकों के नाम शामिल नहीं हैं। बता दें कि चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने अपनी पोस्ट में इस्तीफे की वजह स्पष्ट नहीं की है। वहीं हरमीत सिंह पठानमाजरा ने अपने इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू का आया बयान
दो विधायकों के इस्तीफे पर आप पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा कि आम आदमी पार्टी के दो विधायकों ने आज पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन इन दोनों की हरकतों के चलते पार्टी ने पहले ही इन्हें किनारे कर दिया था। अब ये दोनों भाजपा में शामिल होंगे, जिसे पंजाब में उम्मीदवार तक नहीं मिल रहे हैं। भाजपा में अब दूसरी पार्टियों से निकाले गए लोग ही शामिल हो रहे हैं।







