0 कृषि महाविद्यालय नारायणपुर पहुंचे कुलपति डा चंदेल, निर्माण कार्यों का लिया जायजा
नारायणपुर, इंडिरा गांधी कृषि विश्व विद्यालय रायपुर के कुलपति डा गिरीश चंदेल ने गात दिवस लिंगो मुदलियाल कृषि महाविद्यालय एवं रिसर्च सेंटर नारायणपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नवीन महाविद्यालय भवन, बालक छात्रावास एवं छात्राओं के छात्रावास का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए निर्माण कार्य 31 जुलाई 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अपने उद्बोधन में कुलपति डा गिरीश चंदेल ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण एवं भविष्य निर्माण के मार्गदर्शक होते हैं। कुलपति ने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण के अनुरूप तैयार करने का आह्वान किया।
कुलपति ने महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों से संवाद कर शिक्षण, अनुसंधान एवं विस्तार गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
इसके पश्चात कुलपति ने कृषि विज्ञान केंद्र, नारायणपुर का भी भ्रमण किया, जहां केवीके स्टाफ के साथ बैठक आयोजित की गई। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संस्थागत कार्यों एवं ग्रामीण विस्तार कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। महाविद्यालय परिसर में कुलपति के स्वागत हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां अधिष्ठाता डॉ. रत्ना नशीने, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। कुलपति का यह दौरा विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक एवं उत्साहवर्धक रहा।







