NAXALITE; मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर, तीन DRG जवान शहीद, सभी माओवादियों के शव और हथियार बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी

जगदलपुर , बस्तर के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के गंगालूर इलाके में आज मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया। वहीं डीआरजी के 3 जवान शहीद हुए हैं। दो जवान घायल हुए हैं। जवानों ने सभी नक्सलियों का शव बरामद कर लिया है। इसकी पुष्टि बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी. ने की है।

क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है। मौके पर अतिरिक्त फोर्स भेजी गई है। मौके से 12 नक्सलियों के शव के साथ SLR राइफलें, INSAS और .303 राइफलें बरामद कर ली गई है। इस मुठभेड़ में प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी DRG बीजापुर, आरक्षक दुकारू गोंडे DRG बीजापुर, जवान रमेश सोड़ी DRG बीजापुर शहीद हुए हैं। बीजापुर DRG के 02 जवान घायल हुए हैं, लेकिन दोनों खतरे से बाहर हैं।
एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि DRG, STF, COBRA और CRPF की जॉइंट टीम बुधवार सुबह 9 बजे से बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर के वेस्ट बस्तर डिवीजन इलाके में सर्च ऑपरेशन पर थी। जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू की। जवाबी कार्रवाई में 12 नक्सली ढेर हुए हैं। मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है।
सीएम साय ने कहा – व्यर्थ नहीं जाएगा वीर जवानों का बलिदान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर जिले में आज नक्सल-विरोधी अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए डीआरजी बीजापुर के प्रधान आरक्षक मोनू वडड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे और आरक्षक रमेश सोड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोक-संतप्त परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें और दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।सीएम ने कहा, सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता भी प्राप्त हुई है। संयुक्त सर्च एवं कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने 12 माओवादियों को मार गिराया है। क्षेत्र में अभी भी सर्च अभियान सतत जारी है।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस मुठभेड़ में घायल दो अन्य जवान खतरे से बाहर हैं और उनके समुचित उपचार की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। उन्होंने दोनों जवानों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।




