रायपुर, छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। सोमवार देर रात राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। कई इलाकों में मोटे-मोटे ओले भी गिरे, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस दौरान हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। तेज हवा और ओलावृष्टि के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने की भी खबरें सामने आई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिन प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना है।
कल अपरान्ह गरियाबंद, धमतरी, सरगुजार सहित कई इलाकों में बारिश हुई। जमकर ओले भी गिरे। बेमौसम बारिश से महुआ और आम की फसल को नुकसान पहुंचा है। वहीं गरियाबंद जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक झुलस गया। गरियाबंद के सीनापाली गांव में 35 वर्षीय गोविंद पटेल इमली के पेड़ के नीचे खड़े होकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से गोविंद पटेल की पीठ का हिस्सा झुलस गया, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। गोविंद ने बताया कि उन्हें ऐसा लगा जैसे मौत छूकर निकल गई। बिजली गिरने से इमली के विशाल पेड़ का एक बड़ा हिस्सा भी झुलस गया।

कल शाम से पहले छुरा तहसील के रुवाड और बाघमार इलाके में जमकर ओलावृष्टि हुई, जबकि गरियाबंद और देवभोग तहसील में रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के कारण महुआ और आम की फसल को नुकसान पहुंचा है। जानकारी के मुताबिक करीब 30 प्रतिशत महुआ की फसल प्रभावित हुई है, वहीं आम के फल और मौर भी झड़ गए हैं, जिससे आम की आवक पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
सोमवार को दिन में प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। मौसम विभाग का कहना है कि 17 मार्च को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। साथ ही बहुत हल्की से हल्की बारिश भी हो सकती है।







