रायपुर, छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के नवीन प्रदेश कार्यालय का शुभारंभ गत दिवस राजधानी रायपुर में रायपुर वन मंडल कार्यालय परिसर में हुआ। पहले यह कार्यालय पंडरी रायपुर स्थित वन परिक्षेत्र कार्यालय परिसर में था। भवन पुराना एवं जर्जर होने के कारण नया भवन आबंटित किया गया है। शुभारंभ अवसरा पर प्रदेशभर से आए पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य वन संरक्षक व्ही. श्रीनिवास राव थे जिन्होंने कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया । अपने संबोधन में उन्होंने संगठन की एकजुटता एवं कर्मचारियों के हितों के प्रति समर्पण की सराहना की। इस अवसर पर अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक शालिनी रैना,मुख्य वन संरक्षक, रायपुर एस. मणिवासगन, वन संरक्षक सलमा फारूकी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में संघ के प्रांत अध्यक्ष अजीत दुबे ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों एवं कर्मचारियों के हित में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नवीन प्रदेश कार्यालय संगठन को नई दिशा एवं मजबूती प्रदान करेगा। यह कार्यालय न केवल संघ की सुदृढ़ता का प्रतीक है, बल्कि वन कर्मचारियों की एकता, समर्पण एवं निरंतर संघर्ष का परिणाम भी है। यह आने वाले समय में कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा एवं उनके हितों के संवर्धन हेतु एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य करेगा। कार्यक्रम में प्रांतीय, संभागीय एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।







