राजगढ़, मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में जारी भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच सारंगपुर ब्लॉक के पडाना इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। देवास जिले के सतवास से आए करीब 11 लोगों की कार (ओमनी/इको) पडाना के पास झिरी नाले को पार करते समय तेज बहाव में बह गई।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिवार नए बायपास वाले पुल से गुजर रहा था। रात के समय और पानी भर जाने के कारण चालक को सड़क और पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा। कार पानी में उतरते ही असंतुलित होकर तेज बहाव में बहने लगी।हादसे में कार में सवार करीब 11 लोगों में से कुछ लोग बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। स्थानीय सूत्रों और शुरुआती खबरों के मुताबिक अब तक तीन लोगों के मृत होने और 4 से 5 लोगों के लापता होने की जानकारी मिल रही है।
सूचना मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी सारंगपुर सहित पुलिस-प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। क्रेन और गोताखोरों की मदद से कार तथा लापता लोगों की तलाश अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद हैं और मदद कर रहे हैं।







