
अंबिकापुर, छत्तीसगढ़ की सियासत में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह के बड़े भाई ढाल दास सिंह के कांग्रेस में शामिल होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. उनके कांग्रेस प्रवेश को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने बड़ा बयान दिया है. टीएस सिंहदेव ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले गुरु खुशवंत सिंह, उनके पिता और परिवार के साथ कांग्रेस में शामिल होने को लेकर चर्चा हुई थी. उस दौरान गुरु खुशवंत सिंह से भी बातचीत हुई थी, लेकिन बाद में जो बातें और चर्चाएं हुई थीं, वे पूरी नहीं हो सकीं.
सिंहदेव के मुताबिक, इसे लेकर गुरु खुशवंत सिंह के मन में दुख था. सिंहदेव ने कहा कि इसके बाद गुरु खुशवंत सिंह ने भाजपा का दामन थामा और आगे चलकर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। अब उनके बड़े भाई ढाल दास सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है.
ढाल दास सिंह का किया स्वागत
टीएस सिंहदेव ने ढाल दास सिंह के कांग्रेस प्रवेश का स्वागत करते हुए कहा कि हम सब एक विचार के हैं. उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्य होने के नाते ढाल दास सिंह ने अपने भाई के राजनीतिक सफर को करीब से देखा है. सिंहदेव ने दावा किया कि ढाल दास सिंह ने यह भी करीब से देखा होगा कि उनके भाई गुरु खुशवंत सिंह मंत्री तो बने, लेकिन जनता के हित में अपेक्षित काम नहीं हो पा रहा है. सिंहदेव के अनुसार, यही वजह हो सकती है कि उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला लिया.
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने ढाल दास सिंह के कांग्रेस में शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस में उनका स्वागत है. उनके इस बयान के बाद अब गुरु खुशवंत सिंह के परिवार में हुए इस राजनीतिक बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.







