
0 बालिका शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
रायपुर,, जिले में ग्रामीण विकास कार्यों की नियमित निगरानी एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत धरसींवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष केशरवानी ने ग्राम पंचायत माना बस्ती पहुंचकर शासकीय विद्यालयों, पंचायत भवन एवं तालाबों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, पंचायत की व्यवस्थाओं तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में निर्माणाधीन बालिका शौचालय की धीमी प्रगति पर जनपद सीईओ श्री केशरवानी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बालिकाओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ ने ग्राम पंचायत माना बस्ती के तालाबों का भी जायजा लिया। क्षेत्र के तालाबों में प्रवासी पक्षियों की आवक को देखते हुए उन्होंने इन तालाबों को पक्षी विहार के रूप में विकसित करने के लिए पंचायत को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इससे प्रवासी पक्षियों का आगमन क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक वातावरण का परिचायक है। तालाबों का संरक्षण, साफ-सफाई एवं संवर्धन कर इन्हें पक्षियों के अनुकूल प्राकृतिक आवास के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे जहां प्रवासी एवं स्थानीय पक्षियों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा, वहीं ग्रामीणों में पक्षी संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
जनपद सीईओ ने पंचायत की आय एवं राजस्व व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंचायत के निर्धारित करों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान करारोपण अधिकारी गजेश यदु, ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सुनीता लेखु बैश, पंचायत सचिव श्रीमती लता सेन, रोजगार सहायक सहित अन्य संबंधित कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।







