
नईदिल्ली, एजेंसी, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत और न्यायपालिका के संबंध में की गई अपनी सार्वजनिक टिप्पणियों को लेकर शुरू हुई आपराधिक अवमानना कार्यवाही के सिलसिले में मंगलवार को शीर्ष अदालत के समक्ष पेश हुए। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत और न्यायपालिका के खिलाफ टिप्पणी करने को लेकर शीर्ष अदालत ने मंगलवार को शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत की खिंचाई की। कोर्ट का कहना था कि माफी दिल से मांगी जानी चाहिए न कि दिमाग से।
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की तरफ से अवमानना के मामले में दायर याचिका पर जस्टिस अरविंद कुमार और विपुल एम पंचोली की पीठ सुनवाई कर रही थी। संजय राउत कोर्ट के सामने पेश हुए जबकि वहीं, अदालत के पहले के निर्देशों का पालन करते हुए जर्निलस्ट निखिल वाघले कार्यवाही में वर्चुअली शामिल हुए। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और सीनियर वकील प्रदीप राय ने कहा कि हालांकि राउत ने अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांग ली थी, लेकिन बाद में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। राय ने यह भी बताया कि राउत ने अल्बानिया के सुप्रीम कोर्ट की एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें प्रदर्शनकारी उसे आग लगा रहे थे।
अदालत ने याद दिलाई जिम्मेदारी और संयम की बात
जस्टिस कुमार ने राउत को याद दिलाया कि वह एक राजनेता और सांसद हैं, उनकी एक जिम्मेदारी, जो अनुभव से आती है। लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा, ‘संजय राउत, आप एक अनुभवी राजनेता हैं; हम आपके वकालत के दिनों से ही आपके भाषण सुनते आ रहे हैं। आप एक अनुभवी सांसद हैं और खुद भी प्रेस से जुड़े रहे हैं। आपको पता होना चाहिए कि किस तरह का संयम बरतना चाहिए।’
आपको पता होना चाहिए कि संयम क्या होना चाहिएः जस्टिस कुमार
न्यायमूर्ति अरविंद कुमार ने कहा कि, ‘आपने माफी मांग ली है। लेकिन इतने बड़े मामले में माफी दिल से आनी चाहिए, दिमाग से नहीं। संजय राउत, आप एक अनुभवी राजनेता हैं। हम वकालत के दिनों से आपके भाषण सुनते आ रहे हैं। आप एक अनुभवी सांसद हैं, और आप खुद प्रेस में थे। आपको पता होना चाहिए कि संयम क्या होना चाहिए।’
CJI और न्यायपालिका के खिलाफ टिप्पणी का मामला
सुप्रीम कोर्ट ने 16 अक्टूबर को राउत और वाघले को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। यह नोटिस CJI और न्यायपालिका के खिलाफ उनकी कथित टिप्पणियों को लेकर दिया गया था। अवमानना की यह कार्यवाही उस विवाद से जुड़ी है, जो तब शुरू हुआ जब CJI सूर्य कांत ने विपक्षी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल की व्यक्तिगत मुलाकात की मांग को ठुकरा दिया और उनसे कहा कि वे अदालत में याचिका के जरिए अपनी बात रखें।
पोस्ट करने के लिए पत्रकार ने भी मांगी माफी
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की याचिका के मुताबिक वाघले ने इस फैसले से जुड़ी एक रिपोर्ट के जवाब में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी पोस्ट की थी, जिसे बाद में उन्होंने हटा दिया और माफी भी मांगी। वहीं, राउत ने जजों के आचरण पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि उनमें से कुछ ने BJP द्वारा आयोजित राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था और मुख्यमंत्रियों द्वारा आयोजित डिनर में भी शामिल हुए थे।






