
नईदिल्ली, आने वाले साल 2027 में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. इसलिए सभी राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं. आज 16 नवंबर 2026 को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों (Screening Committees) का गठन किया है. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इन कमेटियों की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है.
ये कमेटियां संबंधित राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार करने और उनकी छंटनी (स्क्रीनिंग) करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगी. सबसे ज्यादा चर्चा उत्तर प्रदेश को लेकर है, जहां पार्टी ने अजय माकन को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. कांग्रेस के इस फैसले को चुनावी रणनीति मजबूत करने और उम्मीदवारों के चयन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

प्रियंका को प्रचार अभियान में उतारने की तैयारी
कांग्रेस अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को प्रचार अभियान में उतारने की तैयारी कर रही है. पार्टी अब चुनावी रणनीति को मजबूत करने और संभावित उम्मीदवारों के चयन पर काम कर रही है.
उत्तर प्रदेश
यूपी के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी की कमान राज्यसभा सांसद अजय माकन को सौंपी गई है. अशलम शेख और बी. वी. श्रीनिवास को कमेटी का सदस्य बनाया गया है.
पंजाब
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए डॉ. सिरीवेल्ला प्रसाद को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. सचिन सावंत और निवेदित अल्वा सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं.
उत्तराखंड
कांग्रेस ने उत्तराखंड की स्क्रीनिंग कमेटी की जिम्मेदारी दीपा दास मुंशी को दी है. उनके साथ अनिल चौधरी और पाल भाई अंबालिया सदस्य के तौर पर काम करेंगे.
गोवा
गोवा विधानसभा चुनाव के लिए गठित कमेटी का अध्यक्ष के. जे. जॉर्ज को बनाया गया है. सतेज डी. पाटिल और शफी परमबिल को सदस्य की जिम्मेदारी मिली है.
मणिपुर
मणिपुर में स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्षता बी. एम. संदीप करेंगे. हिबी ईडेन और राजेश ठाकुर को कमेटी में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है.







