
रायपुर, महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। वकील हिमांशु शेखर पर आरोप है कि उसने महादेव सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपये लिए थे। यह पैसे सौरभ चंद्राकर के मामले को रफा-दफा करने के लिए दिए गए थे।
ईडी ने यह कार्रवाई सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद की है। सौरभ चंद्राकर से ईडी की पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर का नाम सामने आया था। जिसके बाद ईडी हिमांशु की तलाश कर रही थी। जानकारी के अनुसार, हिमांशु विदेश भागने की कोशिश में था उससे पहले ईडी की टीम ने उसे पकड़ लिया है।
जज से सेटिंग का दिया था भरोसा
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हिमाशु पर आरोप है कि महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से उसने जज और अधिकारियों को सेट करने का भरोसा देकर 15 करोड़ रुपए लिए थे। गिरफ्तारी के बाद हिमाशुं शेखर को सोमवार रात को ही रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया है। जानकारी के मुताबिक, ED की पूछताछ में सौरभ चंद्राकर ने खुलासा किया है कि अपना केस रफा-दफा कराने के लिए उसने हिमांशु को 15 करोड़ रुपए दिए थे।
कई बार गया दुबई
ED के मुताबिक हिमांशु पिछले तीन साल में कई बार दुबई गया और वहां सौरभ चंद्राकर से उसकी मुलाकात हुई थी। एजेंसी इन मुलाकातों और कथित लेन-देन की जांच करना चाहती है। 20 नवंबर को हिमांशु शेखर दुबई जाने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा था। इस दौरान ईडी की टीम ने उसे एयरपोर्ट पर रोका था। उसके बाद उसे आधिकारिक तौर पर 21 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। 23 नवंबर को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ईडी की एक टीम हिमांशु शेखर को लेकर रायपुर पहुंची। जिसके बाद उसे रायपुर की विशेष कोर्ट में पेश किया गया। अब ई़डी की टीम हिमांशु शेखर से महादेव सट्टा ऐप के मामले में पूछताछ करेगी।
ईडी ने ली थी सौरभ की कस्टडी
सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लेकर ईडी ने पूछताछ शुरू की थी। 19 नवंबर तक चली पूछताछ के दौरान सौरभ ने हिमांशु शेखर से जुड़े कई अहम खुलासे किए।






