
अंबिकापुर,, छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर इमली गोलाई के पास मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया.
जानकारी के मुताबिक, दो युवती और एक युवक बाइक से अस्पताल में इलाज कराने के बाद घर लौट रहे थे. इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में उनकी बाइक और ट्रक के बीच भिड़ंत हो गई. घटना से मौके पर हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं युवक और युवती की मौत हो गई थी, जिनके शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
इलाज के दौरान युवती ने तोड़ा दम
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व कांग्रेस विधायक गुलाब कामरो भी अस्पताल पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवती के शव को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों ने बचाने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन युवती को बचाया नहीं जा सका. मृतकों की पहचान ग्राम नगोई निवासी भवन सिंह (27), ग्राम बरबसपुर निवासी भूमिका (18) और ग्राम नगोई निवासी प्रमिला (20) के रूप में हुई है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है. वहीं मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है.






