
रायपुर, महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के सरगना प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अफसरों के पूछताछ में कई बड़े और चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। महादेव सट्टा सिंडिकेट में दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर की गिरफ्तारी से लेकर उसकी पहुंच तक की कहानियों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिनके जवाब सिर्फ हिमांशु ही नहीं, बल्कि जांच एजेंसियों के लिए भी बेहद अहम है। ईडी ने विशेष कोर्ट में कल देर रात अधिवक्ता हिमांशु शेखर को पेश कर 28 नवंबर तक कस्टडी में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है।
दरअसल, महादेव एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के ईडी को दिए गए बयानों में दावा किया गया है कि हिमांशु शेखर ने प्रमोटरों को भरोसा दिलाया था कि उसके संपर्क केंद्रीय जांच एजेंसियों के बड़े अधिकारियों, वकीलों और जजों तक है। उसने महादेव बैटिंग एप से जुड़े आपराधिक मामलों को मैनेज कराने और लुक आउट सर्कुलर (LOC) के नोटिस को निष्प्रभावी कराने का भरोसा भी दिया था, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हिमांशु शेखर सिर्फ संपर्कों का झूठा रौब दिखाकर करोड़ों रुपये वसूल रहा था या वास्तव में उसके संपर्कों का दायरा जांच एजेंसियों और न्यायिक व्यवस्था के प्रभावशाली लोगों तक फैला हुआ था?
इस सिंडिकेट के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल पर पहले से ही जांच एजेंसियों का शिकंजा है, लेकिन अब इस पूरे नेटवर्क में दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर की एंट्री ने जांच को एक नया मोड़ दे दिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की गिरफ्त में आए हिमांशु शेखर पर आरोप है कि उसने महादेव सट्टा एप के प्रमोटरों को कानूनी राहत दिलाने और उनके खिलाफ चल रहे मामलों को मैनेज कराने का भरोसा देकर 55-60 करोड़ रुपये की वसूली की है।
अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हिमांशु शेखर केवल अपने प्रभाव का झूठा रौब दिखाकर महादेव प्रमोटरों से करोड़ों रुपये वसूल रहा था या वास्तव में उसके संपर्क जांच एजेंसियों और न्यायिक व्यवस्था से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोगों तक थे? क्या ईडी के कुछ अधिकारियों से उसकी नजदीकियां थीं? क्या उसे जांच और गिरफ्तारी से जुड़ी गोपनीय जानकारियां पहले से मिल रही थी? क्या अदालतों में चल रहे मामलों को प्रभावित करने के नाम पर जजों से संपर्क होने का दावा किया गया था? इन सवालों के जवाब अब ईडी की जांच के केंद्र में हैं।
दुबई के विला में पहली बार हिमांशु से सौरभ की हुई मुलाकात
सौरभ चंद्राकर ने 15 और 18 नवंबर को PMLA के तहत दर्ज अपने बयानों में हिमांशु शेखर से मुलाकात और लेनदेन का घटनाक्रम बताया है। जानकारी के अनुसार अक्टूबर 2023 में दुबई के विला में सौरभ और हिमांशु शेखर की पहली बार मुलाकात हुई थी। सूत्रों के मुताबिक अक्टूबर 2023 के पहले सप्ताह में मुंबई की फिल्म निर्माण कंपनी कुरैशी प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड पर ईडी की छापेमारी के बाद दुबई में एक बैठक आयोजित की गई थी। यह कंपनी महादेव नेटवर्क से जुड़े वसीम कुरैशी से संबंधित बताई गई है। बैठक में महादेव एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, सह-प्रमोटर रवि उप्पल, वसीम कुरैशी, हर्षवर्धन और हिमांशु शेखर शामिल हुए थे।
दुबई के जुमेराह पिंक बीच स्थित विला में बैठक हुई थी। इस बैठक में हिमांशु ने दावा किया था कि वह प्रमोटरों के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों को जांच एजेंसियों के सहयोग से खत्म करवा देगा। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार 2023 से 25 तक हिमांशु ने 13 बार दुबई की यात्रा की है। सूत्रों के मुताबिक अक्टूबर 2023 में हिमांशु शेखर को 15 करोड़ रुपये दिए गए थे। इसके बाद दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के माध्यम से कई अतिरिक्त नगद पहुंचाने का आरोप है। हिमांशु प्रमोटरों को भरोसा दिलाता था कि यह रकम भारत में उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जानी है। यहां जांच का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि जिन अधिकारियों तक रकम पहुंचाने की बात कही गई, वे कौन थे? क्या वास्तव में किसी अधिकारी तक पैसा पहुंचा था या फिर अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल कर प्रमोटरों से रकम वसूली गई?
हिमांशु ने प्रमोटरों से मुलाकात स्वीकारी
ईडी सूत्रों के अनुसार हिमांशु शेखर ने पूछताछ के दौरान दुबई में महादेव प्रमोटरों से मुलाकात की बात स्वीकार की है, लेकिन इसे पेशेवर संबंधों तक सीमित बताया है। उसका दावा है कि उसे वसीम कुरैशी से 25 लाख रुपये और महादेव प्रमोटरों से बैंकिंग माध्यम से 40 लाख रुपये मिले थे। उसने 15 करोड़ रुपये और अन्य नकद भुगतान लेने के आरोपों से इनकार किया है। अब जांच एजेंसी के सामने दोनों पक्षों के दावों को वित्तीय दस्तावेजों, बैंक खातों, यात्रा रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर परखने की चुनौती है।






