
गौहाटी, असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास भीषण सड़क हादसे में 23 लोगों की जान चली गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर यात्री मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।हादसा कोहोरा रेंज के अंतर्गत हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन में हुआ। पुलिस और बचाव दल मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। शुरुआती जांच में मिनी बस की तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
अब तक 23 लोगों की मौत
शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत हुई है। पुलिस और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और बस से शवों को बाहर निकालने का काम जारी है। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, हालांकि बस में सवार कुल यात्रियों की संख्या का पता नहीं चल पाया है।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
दुर्घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस और बचाव दल बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम कर रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंचे। वह मौके पर चल रहे राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की टीमें घायलों को अस्पताल पहुंचाने और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
तेज रफ्तार को हादसे की वजह मान रही पुलिस
गोलाघाट एसएसपी स्वप्ननील डेका के मुताबिक, मिनी बस काफी तेज रफ्तार में चल रही थी। बताया गया कि बस राष्ट्रीय उद्यान के आसपास लागू गति संबंधी प्रतिबंधों का भी उल्लंघन कर रही थी। शुरुआती आशंका है कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई।







