
बलौदाबाजार; छत्तीसगढ के बलौदाबाजार जिले से बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां दिवाली की खुशियां एक ही परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गईं। शुक्रवार को घर में करंट की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई थी। वहीं, दोनों को बचाने के प्रयास में गंभीर रूप से झुलसी महिला ने भी शनिवार को अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से एक ही परिवार के तीन लोगों की जान जा चुकी है, जिससे पूरे इलाके में गहरा शोक फैल गया है।
तैयारियों के बीच फैला करंट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को परिवार में दिवाली के त्योहार की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। इसी दौरान अचानक मकान के भीतर करंट फैल गया। हादसा इतना गंभीर और अचानक हुआ कि पिता और पुत्र इसकी चपेट में पूरी तरह से आ गए। घर में मौजूद महिला ने दोनों को बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन इस प्रयास में वह खुद भी गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और स्वजनों की मदद से तीनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद पिता और पुत्र को नहीं बचाया जा सका और उन्होंने अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया।
अस्पताल में महिला ने तोड़ा दम
पिता और पुत्र की मृत्यु के बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार महिला के इलाज को लेकर उम्मीद लगाए बैठे थे। गंभीर स्थिति में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही थी। हालांकि तमाम कोशिशों के बाद भी महिला की जान नहीं बचाई जा सकी और शनिवार को उसने भी उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। एक ही झटके में परिवार के तीन सदस्यों के चले जाने की खबर से परिजन पूरी तरह से टूट चुके हैं। दिवाली का पर्व इस परिवार के लिए कभी न भूलने वाला गम दे गया।







