महासमुंद, छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 2 क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद किया है। पकड़े गए गांजे की कीमत मार्केट में करीब 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी गांजा ओडिशा के संबलपुर जिले से लाए थे और उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ले जा रहे थे।
महासमुंद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गांजे की तस्करी की जा रही है। जिसके बाद पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया था। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और महासमुंद पुलिस ने सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के पास चेकिंग लगाई थी। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपियों ने गाड़ी में तरबूज भर रखे थे। तरबूज के के बीच में गांजा छिपा रखा था। वाहन की तलाशी के दौरान तरबूज के नीचे प्लास्टिक की बोरियों में छुपाया गया गांजा बरामद हुआ। पुलिस को तलाशी में 9 बोरियों में 2 क्विंटल 25 किलो गांजा मिला। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पूछताछ कर रही है।

कार सवार रास्ते की दे रहे थे जानकारी
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपियों पिकअप वाहन में तरबूज भरा था। तरबूज के नीचे गांजे की बोरियां थीं। गाड़ी को सुरक्षित निकालने के लिए आगे-आगे एक कार भी चल रही थी। इस कार में 4 लोग बैठे थे, जो रास्ते का अपडेट दे रहे थे। जैसे ही कहीं पुलिस दिखती थी कार में आगे चल रहे लोग पिकअप वाहन को अलर्ट करते थे।
6 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि चार आरोपी उत्तर प्रदेश और 2 मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि शक के आधार पर गाड़ी को रोका गया था। पुलिसकर्मियों ने पिकअप वाहन के ड्राइवर से लोड सामान के बारे में पूछा। पिकअप में सवार लोगों ने बताया कि वाहन में सिर्फ तरबूज भरा हुआ है। जिसके बाद पुलिस ने चेकिंग की तो वहं से गांजा बरामद हुआ।






