महासमुंद , छत्तीसगढ़ में नशे के सौदागरों के खिलाफ जारी अभियान के तहत महासमुंद पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टीम ने शनिवार को दो लग्जरी गाड़ियों से 282 किलो गांजा जब्त किया है. इस गांजे की कीमत 1 करोड़ 40 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने गांजे की खेप के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सभी आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं.
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महासमुंद जिले के सरायपाली के उडीसा सीमा से लगेसिंघोड़ा इलाके में एनएच-53 के रेहटीखोल में नाकाबंदी की. इस नाकेबंदी के दौरान दो लग्जरी कार को रोका गया. इस कार के जरिए गांजे की तस्करी की जा रही थी. पुलिस को दोनों वाहनों से गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई. कुल 282 किलोग्राम गांजा मिला. पुलिस ने आरोपियों से पूछातछ की तो पता चला कि गांजे को ये लोग उडीसा के फुलवानी से महाराष्ट्र के पुणे लेकर जा रहे थे. पुलिस ने तस्करों के पास से 4 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. पुलिस ने गांजा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है.

पुलिस ने दो लग्जरी वाहन को जब रोका तो उसमें कुल पांच लोग सवार थे. इन लोगों से जब पूछताछ की गई तो सभी ने गांजा तस्करी की बात को स्वीकार कर लिया. उसके बाद महासमुंद पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं . गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत शंकर गोले, क्षितिज वीरसेन जाधव, अक्षय नंदकुमार निगम, अभिषेक डेविड जगले एवं महेश काटकर शामिल बताए गए है. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. अदालत ने सभी पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.छापेमारी, चेकिंग और गिरफ्तारी की यह पूरी कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने की है.






