नई दिल्ली, केंद्र की मोदी सरकार ने ईडी ( प्रवर्तन निदेशालय ) के मौजूदा डायरेक्टर राहुल नवीन पर भरोसा जताते हुए 1 साल का कार्यकाल बढ़ा दिया है। वह अगले साल 13 अगस्त 2027 तक ईडी के डायरेक्टर के रूप में पद पर बने रहेंगे। बता दें कि राहुल नवीन राजस्व सेवा के अधिकारी हैं। वह 14 अगस्त 2024 से ईडी के डायरेक्टर के रूप में सेवा दे रहे हैं। यानी यह उनके कार्यकाल का तीसरा साल होगा।
बिहार के रहने वाले हैं राहुल नवीन
बता दें कि राहुल नवीन मूल रूप से बिहार के बेतिया जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने आईआईटी कानपुर से बी.टेक और एम.टेक की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने मेलबर्न की स्विनबर्न यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी से एमबीए भी किया है।
राहुल नवीन 1993 बैच के आईआरएस अधिकारी हैं
राहुल नवीन 1993 बैच के आईआरएस अधिकारी हैं और उन्हें इंटरनेशनल टैक्सेशन का एक्सपर्ट माना जाता है। उन्होंने आयकर विभाग में 30 वर्षों से अधिक समय तक काम किया है।अगस्त 2024 में उन्हें पूर्णकालिक रूप से प्रवर्तन निदेशालय का निदेशक नियुक्त किया गया था।
केजरीवाल, सिसोदिया की बढ़ा चुके हैं मुश्किलें
प्रवर्तन निदेशालय के निदेशक के रूप में राहुल नवीन कई हाई-प्रोफाइल जांचों में शामिल रहे हैं। इनमें दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के अन्य राजनेताओं, जिनमें मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी भी शामिल हैं। एजेंसी ने तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी कलवाकुंतला कविता को भी गिरफ्तार किया था। इन सभी को 2024 में दिल्ली शराब नीति मामले के संबंध में गिरफ्तार किया गया था।







