
नईदिल्ली, भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपनी गेंदबाजी के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में हैं. उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड समरीन कौर के साथ सगाई कर ली है. 11 नवंबर 2026 को दोनों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अपने रिश्ते को नया नाम देने की जानकारी दी. इस खास मौके पर अर्शदीप घुटनों पर बैठकर समरीन को अंगूठी पहनाते नजर आए. फैंस समरीन कौर के बारे में जानने को बेताब हैं. आखिर कौन हैं अर्शदीप की होने वाली पत्नी, क्या करती हैं और दोनों की प्रेम कहानी कब शुरू हुई?

समरीन कौर जम्मू-कश्मीर से ताल्लुक रखती हैं. वह एक मॉडल और एक्ट्रेस हैं. उन्हें पहली बड़ी पहचान साल 2018 में मिली, जब उन्होंने फेमिना मिस इंडिया में फाइनलिस्ट के तौर पर जगह बनाई थी. इसमें समरीन ने जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व किया था. इसके बाद उनके लिए मॉडलिंग और मनोरंजन जगत में काम के रास्ते खुले.
समरीन ने फिल्मों, वेब सीरीज और म्यूजिक वीडियो में काम किया है. वह रणवीर सिंह की फिल्म ’83’ में नजर आ चुकी हैं. यह फिल्म भारतीय क्रिकेट टीम की 1983 वर्ल्ड कप जीत पर आधारित थी. इसके अलावा उन्होंने ZEE5 की वेब सीरीज ‘नेल पॉलिश’ और पंजाबी फिल्म ‘सरदार जी 2’ में भी काम किया है. समरीन सिर्फ फिल्मों और वेब सीरीज तक ही सीमित नहीं रही हैं. वह कई मशहूर गायकों के म्यूजिक वीडियो में भी दिखाई दे चुकी हैं. उन्होंने गुरु रंधावा, बादशाह और जुबिन नौटियाल जैसे सिंगर्स के साथ काम किया है. उनके चर्चित म्यूजिक वीडियो में ‘बावला’ और ‘तुझे भूलना तो चाहा’ जैसे गाने शामिल हैं.

सोशल मीडिया पर भी समरीन काफी सक्रिय रहती हैं. वह अक्सर अपनी मॉडलिंग, फैशन, काम और ट्रैवल से जुड़ी तस्वीरें साझा करती हैं. मनोरंजन जगत में अपने काम के जरिए उन्होंने अच्छी पहचान बनाई है.अर्शदीप सिंह और समरीन कौर के रिश्ते को लेकर चर्चाएं IPL 2026 के दौरान तेज हुई थीं. उस समय समरीन को पंजाब किंग्स के कई मुकाबलों में टीम को सपोर्ट करते हुए देखा गया था. दोनों की साथ में सामने आई तस्वीरों और वीडियो ने उनके रिश्ते को लेकर अटकलों को और हवा दी.

हालांकि, दोनों ने शुरुआत में अपने रिश्ते पर खुलकर कुछ नहीं कहा था. जुलाई 2026 में अर्शदीप ने इंस्टाग्राम पर समरीन के साथ दो तस्वीरें साझा कीं. इसके साथ उन्होंने सिर्फ ‘My Person’ लिखा. इस पोस्ट को दोनों के रिश्ते की सार्वजनिक पुष्टि के तौर पर देखा गया.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में अर्शदीप सिंह का एक खास सेलिब्रेशन भी चर्चा में आया था. उन्होंने विकेट लेने के बाद डांस करते हुए जश्न मनाया था. बाद में उन्होंने बताया कि ये डांस मूव्स वह और समरीन अक्सर साथ में करते हैं. उनका कहना था कि इससे दोनों का मूड अच्छा हो जाता है. इसके बाद अब दोनों ने न्यूजीलैंड में सगाई कर अपने रिश्ते को एक कदम आगे बढ़ा दिया है.

11 नवंबर को अर्शदीप और समरीन ने अपनी सगाई की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा कीं. तस्वीरों में अर्शदीप घुटनों पर बैठकर समरीन को अंगूठी पहनाते नजर आए. दोनों ने इस खास पल को एक-दूसरे के साथ गले लगकर सेलिब्रेट किया. पोस्ट के कैप्शन में दोनों ने एक-दूसरे का साथ मिलने को अपनी जिंदगी की सबसे खूबसूरत बात बताया और साथ में पूरी जिंदगी बिताने की बात कही







