
अंबिकापुर, छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां कुएं में डूबने से दो ग्रामीणों की मौत हो गई। दोनों के शव सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम काराबेल के मुड़ापारा स्थित एक कुएं में मिले हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात दोनों शराब के नशे में गांव में घूम रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों की पहचान अशोक बखला (45 वर्ष), पिता सिवमुन और कमल तिर्की (55 वर्ष), पिता बैगा तिर्की के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों मंगलवार रात शराब के नशे में गांव में घूम रहे थे। इसी दौरान वे गांव से दूर सुनसान इलाके में स्थित एक गहरे कुएं में गिर गए। कुआं बस्ती से काफी दूर होने के कारण घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सकी।

ग्रामीणों ने कुएं में तैरते देखा शव
घटन के दूसरे दिन जब ग्रामीणों की नजर कुएं में तैरते दोनों शवों पर पड़ी, तो उन्होंने तत्काल सीतापुर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया।इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।






