
दुर्ग, भाई दूज के त्योहार पर छत्तीसगढ के कवर्धा जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रणवीरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम बनिया के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हुए हैं। मृतकों में एक ही परिवार के पिता, बेटी और बेटा शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में दो मोटरसाइकिलें शामिल थीं। पहली मोटरसाइकिल एसपी साइन (SP Shine) थी, जिस पर भूपेंद्र कश्यप (40), उनकी बेटी ऋतु कश्यप (15) और बेटा पंकज कश्यप (12) सवार थे। हादसे में तीनों की मौत हो गई। भूपेंद्र कश्यप अपने दोनों बच्चों के साथ बेमेतरा जिले के थान खम्हरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बनराका के रहने वाले थे। वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पल्सर थी। इस पर चार युवक सवार थे। हादसे में भावेश सिन्हा (20), पिता खेम सिन्हा, निवासी ग्राम नवघटा, थाना सहसपुर लोहारा की भी मौत हो गई। इस तरह दोनों मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में कुल चार लोगों की जान चली गई।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, दो युवक घायल
दूसरी बाइक पर भावेश सिन्हा के साथ तोमन मरावी (18), पिता सदासिंग और भानुप्रताप सिंह (17), पिता चंद्रेश सिंह भी सवार थे। दोनों युवक हादसे में घायल हो गए। ये दोनों भी ग्राम नवघटा, थाना सहसपुर लोहारा क्षेत्र के निवासी हैं। हादसे के बाद घायलों को तत्काल मदद पहुंचाने के लिए एंबुलेंस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, चारों मृतकों के शवों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए भेजा गया है।
भाई दूज के दिन दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दुर्घटना में सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई। भूपेंद्र कश्यप के साथ उनकी 15 वर्षीय बेटी ऋतु और 12 वर्षीय बेटे पंकज की भी मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार 20 वर्षीय भावेश सिन्हा ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। भाई दूज जैसे त्योहार के दिन हुए इस हादसे से दोनों परिवारों में मातम पसर गया। जिस दिन परिवारों में त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, उसी दिन सड़क दुर्घटना ने चार लोगों की जिंदगी छीन ली।






