रायपुर, छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड का हिंदी पेपर लीक होने के दावों के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हिंदी पेपर को निरस्त कर दिया है। बता दें कि कक्षा 12वीं का हिंदी पेपर 14 मार्च 2026 को हुआ था। अब फिर से 10 अप्रैल 2026 को हिंदी की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसका आदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जारी कर दिया है।
बता दें कि एनएसयूआई ने सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुपों में 12वीं की हिंदी परीक्षा से पहले कुछ सवाल वायरल होने का दावा किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर कराई है, जिसके बाद साइबर सेल ने जांच शुरू करा दी है। इस मामले को लेकर छात्र संगठन NSUI ने भी विरोध जताया था। संगठन ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) का घेराव कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा परीक्षा समिति की बैठक 23 मार्च 2026 को आयोजित की गई, जिसमें सभी तथ्यों पर विचार-विमर्श के उपरांत यह निर्णय लिया गया कि 14 मार्च 2026 को संपन्न हिन्दी विषय की परीक्षा को निरस्त किया जाता है। उक्त परीक्षा अब 10 अप्रैल 2026 को प्रात 9 बजे से 12.15 बजे तक पुनः आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा सभी परीक्षार्थियों से अनुरोध किया गया है, कि वे निर्धारित तिथि पर परीक्षा केन्द्र में अनिवार्य रूप से परीक्षा देने उपस्थित हों।
परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी मण्डल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर उपलब्ध है।
ज्ञातव्य है कि 14 मार्च 2026 को आयोजित कक्षा 12 वीं हिन्दी विषय की परीक्षा के संबंध में मंडल द्वारा यह सूचित किया जाता है कि परीक्षा के उपरांत 15 एवं 16 मार्च 2026 को सोशल मीडिया एवं विभिन्न समाचार पत्रों में प्रश्नपत्र (सेट ‘बी’) के लीक होने के दावे सामने आए। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल साइबर थाना में लिखित सूचना दी गई तथा सिटी कोतवाली में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मण्डल के अधिकारियों ने बताया कि मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जाँच सुनिश्चित की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।







